Buxar News: उत्तर बिहार में बाढ़ के बीच बक्सर में गंगा का उफान थम गया है. लेकिन दियारा के लोगों की मुश्किलें अभी कम नहीं हुई हैं. चार दिन पहले चेतावनी स्तर पार कर चुकी गंगा अब खतरे के निशान से तकरीबन डेढ़ मीटर नीचे स्थिर है.
खतरे के निशान से 1.48 मीटर नीचे बह रही नदी
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार बक्सर में चेतावनी स्तर 59.32 मीटर और खतरे का स्तर 60.32 मीटर है. गुरुवार की सुबह 08:00 बजे गंगा 58.86 मीटर पर स्थिर थी. शाम 06:00 बजे यह घटकर 58.84 मीटर पर आ गई. पिछले 6 घंटे से जलस्तर में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है. यानी गंगा चेतावनी से 48 सेंटीमीटर और खतरे से 1.48 मीटर नीचे बह रही है.
23 अगस्त को पार हुआ था चेतावनी स्तर
23 अगस्त को गंगा ने चेतावनी स्तर पार कर 59.53 मीटर और फिर 59.59 मीटर तक पहुंचकर खतरे के निशान की ओर बढ़ना शुरू किया था. इससे प्रशासन समेत तटवर्ती इलाके के लोगों की नींद उड़ गई थी. हालांकि उसके बाद जलस्तर की रफ्तार थमने से राहत की उम्मीद बढ़ी है, लेकिन दियारा इलाके में पानी के फैलाव से परेशानी अब भी बरकरार है.
ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में जलस्तर स्थिर, फिर भी सतर्कता
केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में भी गंगा का जलस्तर स्थिर है. परंतु लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ का खतरा पूरी तरह टला नहीं है. नतीजा यह है कि कछारी इलाके के लोग सहमे हुए हैं और लगातार सतर्कता बरत रहे हैं.
जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर, SDRF तैनात
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सभी अंचल अधिकारियों को तटवर्ती इलाकों में कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं. बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ टीम को स्टैंडबाय पर रखा गया है. प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित व ऊंचे स्थानों पर रहें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें.
Also Read: बक्सर: डुमरांव में महंगाई के खिलाफ खेग्रामस का फूटा गुस्सा, निकाला प्रतिवाद मार्च
