बक्सर. बक्सर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में दो निजी व्यक्तियों के लंबे समय से अनधिकृत हस्तक्षेप का मामला एक बार फिर तूल पकड़ गया है. क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक, पटना प्रमंडल, अमित कुमार ने इस संबंध में जिला पदाधिकारी, बक्सर को पत्र लिखकर विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है.
दो व्यक्तियों पर कार्यालय के कामकाज में दखल देने का आरोप
क्षेत्रीय उप निदेशक कार्यालय से 07 सितंबर 2026 को जारी पत्र में बताया गया है कि बक्सर निवासी अजय कुमार सिंह और अरविन्द कुमार सिंह विगत लंबे समय से डीइओ कार्यालय के कामकाज में अनधिकृत रूप से दखल दे रहे हैं. आरोप है कि दोनों व्यक्तियों द्वारा पदाधिकारियों, कर्मियों और विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को धमका कर व दबाव बनाकर अपने पक्ष में काम कराने का प्रयास किया जाता है.
पदाधिकारियों के साथ विवाद का भी किया गया उल्लेख
पत्र के अनुसार, इस मामले को लेकर तत्कालीन जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों के साथ विवाद भी हो चुका है. इसी को लेकर जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों ने 06 दिसंबर 2023 को संयुक्त प्रतिवेदन संख्या 649 के माध्यम से अपर मुख्य सचिव, शिक्षा विभाग को पूरी स्थिति से अवगत कराया था.
2024 में डीइओ से मांगी गयी थी तथ्यात्मक रिपोर्ट
इसके बाद क्षेत्रीय कार्यालय ने 08 अक्टूबर 2024 को पत्रांक 890 से डीइओ बक्सर से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी. डीइओ बक्सर ने अपने जवाब पत्रांक 724 दिनांक 13 नवंबर 2024 में पुष्टि की थी कि दोनों व्यक्तियों के हस्तक्षेप से कार्यालय की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है. जवाब में यह भी बताया गया था कि इनके विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले पूर्व से दर्ज हैं.
जांच प्रतिवेदन के बाद डीएम और एसपी को लिखा गया पत्र
इसी आलोक में क्षेत्रीय कार्यालय ने 05 दिसंबर 2024 को जांच प्रतिवेदन निदेशक प्रशासन-सह-अपर सचिव, शिक्षा विभाग को भेजा. इस पर निदेशक स्तर से 07 फरवरी 2025 को ज्ञापांक 160 के द्वारा डीएम और एसपी बक्सर को कार्रवाई के लिए लिखा गया.
सीसीटीवी फुटेज सहित साक्ष्य देकर कराया गया स्मारित
इसके बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं होने पर डीइओ बक्सर ने 21 मई 2025 और 01 अगस्त 2025 को सीसीटीवी फुटेज सहित साक्ष्य देकर डीएम-एसपी को स्मारित कराया.
अरविन्द कुमार सिंह की गिरफ्तारी का भी पत्र में उल्लेख
पत्र में उल्लेख है कि अरविन्द कुमार सिंह नगर थाना कांड संख्या 151/23 में गिरफ्तार भी हो चुके हैं. बावजूद इसके हस्तक्षेप जारी रहने पर परिवादी हरे कृष्ण यादव, बक्सर ने फिर से क्षेत्रीय कार्यालय में शिकायत की है.
डीएम से अनुवर्ती कार्रवाई की मांगी गयी जानकारी
क्षेत्रीय उप निदेशक ने डीएम बक्सर से सभी पूर्व पत्रों के आलोक में अनुवर्ती कार्रवाई कर कृत कार्रवाई से अवगत कराने का अनुरोध किया है.
