Nalanda Theft Incident: बिंद थाना क्षेत्र के महमूदाबाद गांव में चोरों ने तीन बंद घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. हैरानी की बात यह रही कि चोरी के बाद चोर घरों के मुख्य दरवाजे पर नया ताला लगाकर फरार हो गए. बाहर ताला लगा होने के कारण आसपास के लोगों को चोरी की भनक तक नहीं लगी.
दिल्ली से लौटे तो खुला चोरी का राज
पीड़ितों में युगल बिंद के पुत्र मंटू बिंद, काली साव के पुत्र लड्डू साव और रासो बिंद के पुत्र अरविंद बिंद शामिल हैं. तीनों दिल्ली में मजदूरी करते हैं. जब वे घर लौटे और पुराने चाबी से ताला खोलने का प्रयास किया तो ताला नहीं खुला. शक होने पर ताला तोड़कर अंदर गए तो कमरों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था.
जेवर, लैपटॉप और भगवान शंकर की प्रतिमा भी ले गए चोर
अरविंद बिंद की पत्नी मुनिया देवी ने बताया कि परिवार करीब आठ महीने से दिल्ली में रह रहा था. घर लौटने पर पता चला कि चोर लैपटॉप, सोने की सिकड़ी, चार चांदी की पायल, चांदी के गिलास, करीब आधा किलो चांदी के अन्य सामान, चार बेसर, चार नथुनी, कांसा-पीतल के दो बोरे बर्तन तथा करीब दो किलो वजनी पीतल की भगवान शंकर की प्रतिमा समेत कई कीमती सामान चोरी कर ले गए. उन्होंने दो से तीन लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने का दावा किया.
दूसरे घर से डेढ़ लाख से अधिक की चोरी
लड्डू साव ने बताया कि वह एक सप्ताह पहले दिल्ली गए थे. लौटने पर घर के बाहर नया ताला लगा मिला. ताला तोड़कर अंदर पहुंचे तो बक्सा और अलमारी में रखे जेवर, बर्तन और अन्य कीमती सामान गायब थे. उन्होंने डेढ़ लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी होने की बात कही. वहीं मंटू बिंद के घर से भी हजारों रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी होने की जानकारी दी गई है.
आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई : थानाध्यक्ष
लगातार हुई चोरी की घटनाओं से महमूदाबाद गांव के लोगों में दहशत है. इस संबंध में बिंद थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है. पीड़ितों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: बिहार में इस उद्योग के लिए सरकार देगी 70 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी, एक क्लिक में होगा आवेदन
