नालंदा में बुजुर्गों के लिए 14 अगस्त को लगेगा नि:शुल्क हेल्थ कैंप, साइबर ठगी से बचने की भी मिलेगी जानकारी

नालंदा जिला प्रशासन वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए 14 अगस्त को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर रहा है. इस एक दिवसीय उन्मुखीकरण सह जागरूकता कार्यक्रम में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, साइबर अपराध से बचाव, भरण-पोषण कानून और मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी.

Nalanda Senior Citizen Health Camp : वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य और अधिकारों को लेकर नालंदा जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है. जिला प्रशासन एवं जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के संयुक्त तत्वावधान में 14 अगस्त को नालंदा समाहरणालय में केंद्र सरकार प्रायोजित अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत एक दिवसीय उन्मुखीकरण सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा.

कार्यक्रम सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा. इसमें बुजुर्गों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, माता-पिता भरण-पोषण कानून, साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, बैंक धोखाधड़ी और मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ जानकारी देंगे. कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठ नागरिकों और चित्रकला प्रतियोगिता के तीन विजेताओं को सम्मानित किया जायेगा.

सुबह नौ बजे से लगेगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर से होगी, जो 11 बजे तक चलेगा. इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की जायेगी और उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में चिकित्सकों से परामर्श लेने का अवसर मिलेगा.

Also Read : बोधगया की 80 फीट ऊंची बुद्ध प्रतिमा क्यों है पर्यटकों की पसंद? 5 तस्वीरों में जानिए इतिहास, खूबसूरती और खासियत

इसके बाद सुबह 11 बजे दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया जायेगा. कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े विभिन्न सामाजिक और कानूनी विषयों पर चर्चा होगी.

माता-पिता भरण-पोषण कानून की दी जायेगी जानकारी

सुबह 11:15 बजे माता-पिता के भरण-पोषण से संबंधित कानून के बारे में परिचयात्मक जानकारी दी जायेगी. इसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध सहायता की जानकारी देना है.

इसके बाद साइबर सुरक्षा के उपाधीक्षक वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बतायेंगे. इस दौरान बुजुर्गों के साथ सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और अनुभवों को भी सुना जायेगा.

बैंक खाते और ऑनलाइन लेन-देन की सुरक्षा पर होगी चर्चा

सुबह 11:40 बजे बैंक प्रबंधक वित्तीय धोखाधड़ी, बैंक से होने वाली ठगी और सुरक्षित बैंकिंग के उपायों की जानकारी देंगे. वरिष्ठ नागरिकों को संदिग्ध फोन, संदेश, लिंक और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जागरूक किया जायेगा.

Also Read : नालंदा में 15 अगस्त को कहां-कब फहरेगा तिरंगा? यहां देखें पूरी टाइमिंग, सोगरा मैदान में सुबह 9 बजे मुख्य समारोह

इसके बाद चिकित्सक बुजुर्गों में होने वाली सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं और उनसे बचाव के उपायों पर विशेष चर्चा करेंगे.

नुक्कड़ नाटक से दिया जायेगा जागरूकता का संदेश

दोपहर 12 बजे जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया जायेगा. इसके माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, अधिकार और सामाजिक सम्मान से जुड़े संदेश सरल और रोचक तरीके से लोगों तक पहुंचाये जायेंगे.

इसके बाद सेवानिवृत्ति से पहले और बाद की मानसिक स्थिति पर एक वरिष्ठ नागरिक अपने अनुभव साझा करेंगे. वहीं, ‘युवाओं की नजर से वृद्धावस्था’ विषय पर भी परिचर्चा आयोजित होगी.

आध्यात्मिक संबोधन के बाद डीएम रखेंगी अपनी बात

दोपहर 12:25 बजे ब्रह्मकुमारी अनुपम जी का आध्यात्मिक एवं प्रेरक संबोधन होगा. इसके बाद दोपहर 12:45 बजे नालंदा की जिला पदाधिकारी उदिता सिंह मुख्य संबोधन करेंगी.

कार्यक्रम के अंतिम चरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया जायेगा. साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता के तीन विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किया जायेगा. दोपहर 1 बजे जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन होगा.

Also Read : डोभी में कंचन के पिता का आरोप - 50 हजार रुपये, मोबाइल फोन और सोने की चेन मांग रहे थे ससुराल वाले

बुजुर्गों को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने पर जोर

जिला प्रशासन के अनुसार, अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक सम्मान के प्रति जागरूक करना है.

खासकर साइबर अपराध और वित्तीय धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को देखते हुए बुजुर्गों को सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार की जानकारी देना कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा. प्रशासन का प्रयास है कि वरिष्ठ नागरिक स्वयं भी जागरूक बनें और अपने अनुभवों से समाज की युवा पीढ़ी को भी दिशा दें.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कंचन कुमार

कंचन कुमार वर्ष 2009 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उत्तराखंड से शुरुआत करने के बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पटना, नवादा और बिहारशरीफ में विभिन्न मीडिया संस्थानों के साथ कार्य किया. पिछले 12 वर्षों से प्रभात खबर बिहारशरीफ कार्यालय में नालंदा जिला रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं. जिला प्रशासन, खोजी एवं विशेष रिपोर्ट, जमीनी पड़ताल, विकास, जनसरोकार के मुद्दों तथा लोकसभा और विधानसभा चुनावों के गहन विश्लेषण के लिए उनकी विशेष पहचान है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >