Bihar Rain Alert: बिहार में फिलहाल लोगों को प्रचंड गर्मी से राहत मिली हुई है. झमाझम बारिश के बाद तापमान में गिरावट होने से मौसम सामान्य हो गया. इस बीच मौसम विभाग ने आज 24 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. शुक्रवार को भी बिहार के कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश और ठनका भी गिरा. इस दौरान 20 लोगों की मौत भी हो गई.
इन 24 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से जिन 24 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, उनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई और बांका शामिल है. बिगड़े मौसम में लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है.
बिहार में प्री-मॉनसून एक्टिव
इस तरह से बिहार में प्री-मानसून गतिविधियों ने अचानक जोर पकड़ लिया है. पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में तेज आंधी, वज्रपात और भारी बारिश हुई. शुक्रवार सुबह से ही अचानक मौसम का मिजाज बदल गया था. पटना समेत नालंदा, सीवान, औरंगाबाद, खगड़िया और गोपालगंज जैसे कई जिलों में तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हुई.
मौसम विभाग की माने तो, इससे तापमान में चार से सात डिग्री तक की गिरावट आई है, जिससे गर्मी से लोगों को राहत मिली. लेकिन कई जिलों से नुकसान और तबाही की भी खबरें हैं. कई जगह पेड़ गिर गए, तो बिजली के खंभे भी उखड़ गए. जबकि ठनका गिरने से राज्य में 20 लोगों की मौत हो गई.
अगले दो दिनों तक राहत
पटना, मुजफ्फरपुर, वैशाली समेत राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, बादल गरजने, बिजली कड़कने और मध्यम बारिश को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है. शनिवार को भी पटना में आंशिक बादल छाने और बारिश के आसार हैं. अगले दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. इसके बाद अगले चार दिनों में तापमान बढ़ेगा.
Also Read: 1 जून से बिहार में बसों का नया किराया लागू, नई किराया दरों की सूची जारी
