Bettiah News: पिपरासी में डिग्री कॉलेज के लिए दो जमीनों का निरीक्षण, मुख्यालय के पास कॉलेज बनाने की मांग

पिपरासी में डिग्री कॉलेज के निर्माण के लिए एसडीएम चांदनी कुमारी ने दो प्रस्तावित जमीनों का निरीक्षण किया. ग्रामीणों ने प्रखंड मुख्यालय के पास कॉलेज बनाने की मांग रखी है, जिससे अधिक छात्र आसानी से पहुंच सकें.

Bettiah News: पिपरासी. प्रखंड में डिग्री कॉलेज के निर्माण के लिए प्रस्तावित जमीन का शनिवार को एसडीएम चांदनी कुमारी ने निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने दोनों प्रस्तावित स्थलों का जायजा लिया और मौके पर मौजूद लोगों से कॉलेज निर्माण के लिए उचित स्थान को लेकर जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, आवागमन और छात्रों की पहुंच समेत अन्य सुविधाओं को ध्यान में रखकर जमीन की उपयुक्तता पर चर्चा की गयी.

Piprasi News: दो स्थानों पर प्रस्तावित है डिग्री कॉलेज का भवन

पिपरासी में फिलहाल डिग्री कॉलेज का संचालन अस्थायी रूप से डुमरी मुराडीह पंचायत के घोड़हवा स्थित उच्च विद्यालय में किया जा रहा है. जब तक कॉलेज के लिए जमीन चिन्हित कर भवन का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक उच्च विद्यालय घोड़हवा में ही महाविद्यालय का संचालन होगा.

डिग्री कॉलेज के भवन निर्माण के लिए पिपरासी पंचायत सरकार भवन के समीप और घोड़हवा पंचायत सरकार भवन के समीप प्रस्तावित जमीन का निरीक्षण किया गया.

छात्रों की पहुंच और सुरक्षा को लेकर लिया जायजा

एसडीएम चांदनी कुमारी ने बताया कि पिपरासी में दो स्थानों पर महाविद्यालय के भवन निर्माण का प्रस्ताव है. दोनों स्थानों पर जमीन का निरीक्षण किया गया है.

उन्होंने देखा कि किस स्थान पर अधिक से अधिक बच्चे आसानी से पहुंच सकते हैं. इसके साथ ही सुरक्षा और आवागमन की दृष्टि से कौन सी जमीन अधिक सुविधाजनक होगी, इसकी भी जानकारी ली गयी.

निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद लोगों से भी दोनों स्थानों की सुगमता को लेकर राय ली गयी.

मुख्यालय के पास कॉलेज बनाने की ग्रामीणों ने रखी मांग

मौके पर मौजूद पिपरासी सरपंच संघ के अध्यक्ष दिनेश्वर तिवारी, उपमुखिया विनोद यादव, मुकेश चौधरी, अशोक यादव समेत अन्य लोगों ने प्रखंड मुख्यालय के समीप डिग्री कॉलेज बनाने की मांग रखी.

ग्रामीणों ने बताया कि प्रखंड मुख्यालय के समीप महाविद्यालय का निर्माण होने से मंझरिया और सेमरा लबेदहा पंचायत के साथ पिपरासी, सौरहा और डुमरी मुराडीह पंचायत के बच्चे भी आसानी से पढ़ने पहुंच सकेंगे.

घोड़हवा में कॉलेज बनने पर दो पंचायतों को होगी सुविधा

ग्रामीणों के अनुसार यदि कॉलेज का निर्माण घोड़हवा में होता है तो डुमरी मुराडीह और डुमरी भगड़वा पंचायत के बच्चों को ही अपेक्षाकृत अधिक सुविधा मिल सकेगी.

वहीं प्रखंड मुख्यालय के समीप कॉलेज होने से अन्य पंचायतों से आने-जाने में सुविधा के साथ सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं भी आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी. ग्रामीणों ने इसी आधार पर कॉलेज का निर्माण पिपरासी प्रखंड मुख्यालय के समीप कराने की मांग की.

घोड़हवा के लोगों ने भी रखी अपनी मांग

इधर, घोड़हवा के लोगों ने डिग्री कॉलेज का निर्माण घोड़हवा में ही कराने की मांग की. दोनों पक्षों की मांग के बीच अब प्रस्तावित जमीनों की उपयुक्तता के आधार पर कॉलेज के लिए स्थल चयन किया जाना है.

यह भी पढ़ें: डायबिटीज के मरीजों में बढ़ रहा लीवर फाइब्रोसिस और सिरोसिस का खतरा, 10 साल से अधिक पुराने मरीज रहें सतर्क


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajkishor pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >