एक साल, दो बड़ी परीक्षाएं और शानदार सफलता... बगहा के कुमार कुणाल ने NEET और IAT दोनों में लहराया परचम

बगहा के कुमार कुणाल ने NEET UG 2026 और IISER Aptitude Test (IAT) 2026 दोनों में असाधारण प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है. उन्होंने NEET में 639 अंक और IAT में ऑल इंडिया रैंक 236 प्राप्त की है.

NEET UG 2026: नगर के बगहा बाजार स्थित सिटी मोंटेसरी पब्लिक स्कूल के छात्र कुमार कुणाल ने एक साथ दो राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. उन्होंने NEET UG 2026 और IISER Aptitude Test (IAT) 2026 दोनों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है.

कुणाल की इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे इलाके में खुशी का माहौल है.

NEET UG 2026 में हासिल की शानदार रैंक

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा जारी परिणाम के अनुसार कुमार कुणाल ने 720 में 639 अंक प्राप्त किए हैं. उन्हें ऑल इंडिया रैंक (AIR) 2431 मिली है, जबकि ओबीसी श्रेणी में 884वीं रैंक हासिल हुई है.

विषयवार प्रदर्शन भी शानदार रहा. उन्होंने रसायन विज्ञान में 99.94 पर्सेंटाइल, भौतिकी में 99.75 पर्सेंटाइल और जीव विज्ञान में 97.86 पर्सेंटाइल प्राप्त किए.

IAT 2026 में भी दिखाई प्रतिभा

चिकित्सा प्रवेश परीक्षा के साथ-साथ कुमार कुणाल ने IISER Aptitude Test (IAT) 2026 में भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की. इस परीक्षा में उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 236 और ओबीसी श्रेणी में 41वीं रैंक प्राप्त की.

इस दोहरी सफलता ने उन्हें क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की सूची में विशेष पहचान दिलाई है.

12वीं में भी रहे थे स्कूल टॉपर

सिटी मोंटेसरी पब्लिक स्कूल के प्रबंध निदेशक सौरभ के. स्वतंत्र ने कुमार कुणाल को बधाई देते हुए कहा कि वह शुरू से ही अनुशासित, एकाग्र और मेधावी छात्र रहे हैं.

उन्होंने बताया कि कुणाल ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया था. एक ही वर्ष में NEET और IAT जैसी कठिन परीक्षाओं में सफलता उनकी मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है.

परिवार ने शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय

कुमार कुणाल के पिता अजीत प्रसाद पेशे से अधिवक्ता हैं, जबकि उनकी माता अनीता देवी गृहिणी हैं. बेटे की सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है.

माता-पिता ने कहा कि यह उपलब्धि कुणाल की निरंतर मेहनत के साथ-साथ विद्यालय के शिक्षकों और मार्गदर्शकों के सहयोग का भी परिणाम है. वहीं विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह सफलता हासिल करने की शुभकामनाएं दी हैं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

चंद्रप्रकाश आर्य वर्ष 2006 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं . उन्होंने दैनिक प्रभात खबर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की और तभी से निष्पक्ष, तथ्यपरक तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं .वर्तमान में वे प्रभात खबर, बगहा कार्यालय में सहायक के रूप में कार्यरत हैं .सामाजिक, अपराध, राजनीति और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ मानी जाती है .अपनी निष्पक्ष रिपोर्टिंग, तथ्य आधारित समाचारों और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने के कारण उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है .

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >