Candle March Bagaha: रामधाम मंदिर निवासी 11 वर्षीय गौतम कुमार की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर शुक्रवार की शाम बगहा शहर में कैंडल मार्च निकाला गया. मार्च में बड़ी संख्या में शहरवासी और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए. लोगों ने हाथों में मोमबत्ती लेकर लापता बालक को जल्द सकुशल वापस लाने की मांग की.
कई दिनों से लापता है गौतम
रामधाम मंदिर, दूबे टोला निवासी मछली व्यवसायी तुलसी साह का पुत्र गौतम कुमार पिछले कई दिनों से लापता है. उसके लापता होने के बाद से परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं. परिवार की ओर से पुलिस और प्रशासन से भी बालक की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की जा रही है.
कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने कहा कि गौतम के लापता होने से उसका परिवार बेहद परेशान है. ऐसे मुश्किल समय में पूरा शहर पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है.
प्रशासन से जल्द बरामदगी की मांग
कैंडल मार्च का नेतृत्व बगहा विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी जयेश मंगल सिंह उर्फ जय सिंह ने किया. बगहा नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तुफैल अहमद ने कहा कि मार्च का उद्देश्य प्रशासन का ध्यान गौतम की बरामदगी की ओर आकृष्ट कराना है.
उन्होंने प्रशासन से मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए गौतम कुमार को जल्द से जल्द सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपने की मांग की. उन्होंने कहा कि गौतम की सकुशल वापसी तक लोग परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे.
