Yoga Camp Begusarai : बेगूसराय के आशा ज्योति आनंद योगपीठ महाविद्यालय, दौलतपुर में 3 से 5 जुलाई तक तीन दिवसीय योग विज्ञान एवं ध्यान शिविर का आयोजन किया जाएगा. शिविर का उद्देश्य बच्चों, युवाओं और आम लोगों को योग, ध्यान तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है.
संस्थान के निदेशक अखिलेश कुमार बंटी ने बताया कि यह आवासीय शिविर होगा, जिसमें प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के लिए रहने और भोजन की समुचित व्यवस्था संस्थान की ओर से की जाएगी. शिविर के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा.
योग के वैज्ञानिक महत्व पर होगा प्रशिक्षण
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान योग के वैज्ञानिक महत्व पर विस्तार से चर्चा की जाएगी. प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान, प्राकृतिक जीवनशैली, संतुलित आहार-विहार तथा दैनिक जीवन में योग को अपनाने के व्यावहारिक तरीके सिखाए जाएंगे.
आम नागरिक भी ले सकेंगे भाग
निदेशक अखिलेश कुमार ने बताया कि यह शिविर केवल छात्र-छात्राओं के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र के आम नागरिकों के लिए भी खुला रहेगा. उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से शिविर में भाग लेकर नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की.
योगाचार्य बताएंगे स्वस्थ जीवन के सूत्र
शिविर में योगाचार्य डॉ. प्रेमचंद प्रियदर्शिनी योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उपाय बताएंगे. प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 7 बजे तक आयोजित किया जाएगा. संस्थान की ओर से बताया गया कि शिविर की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और योग की उपयोगिता को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है.
इसे भी पढ़ें : पटना में नई शिक्षा नीति के विरोध में AISA का प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस से झड़प; यातायात भी रहा प्रभावित
