बेगूसराय: बछवाड़ा में गंगा बाया नदी किनारे मिला अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव, हत्या कर फेंके जाने की आशंका

बछवाड़ा थाना क्षेत्र में गंगा बाया नदी के किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है. शव की हालत बेहद खराब बताई जा रही है और स्थानीय लोग हत्या कर शव फेंकने की आशंका जता रहे हैं. पुलिस शव की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है.

Begusarai Dead body in river: बछवाड़ा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर-3 पंचायत अंतर्गत हिरायचक गांव के समीप बुधवार की सुबह गंगा बाया नदी के किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. शव मिलने की खबर आसपास के गांवों में फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी. शव की स्थिति काफी खराब बतायी जा रही है.

गंगा स्नान करने पहुंचे लोगों ने देखा शव

जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह कुछ लोग गंगा स्नान के लिए हिरायचक घाट पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी नजर नदी किनारे पड़े महिला के शव पर पड़ी. शव देखते ही लोगों में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना बछवाड़ा थाना पुलिस को दी.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच

सूचना मिलते ही बछवाड़ा थानाध्यक्ष विकास कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम हिरायचक गंगा घाट पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लिया और महिला की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया. पुलिस आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है.

तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा शव

स्थानीय लोगों के अनुसार, शव करीब तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है. सड़ने के कारण शव से दुर्गंध भी आ रही थी. महिला की पहचान नहीं हो पाने के कारण इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गयी हैं.

हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका, पुलिस ने नहीं की पुष्टि

कुछ स्थानीय लोगों ने महिला की हत्या कर शव को नदी किनारे फेंके जाने की आशंका जतायी है. हालांकि, पुलिस ने फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि शव की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

आसपास के थानों से भी मांगी जा रही जानकारी

बछवाड़ा थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि महिला का शव काफी सड़ा-गला हुआ है और फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पहचान और जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर हाल के दिनों में दर्ज महिला के गुमशुदगी के मामलों की भी जानकारी जुटा रही है.

Also Read : VIDEO: ‘छात्रों की आवाज दबा नहीं सकती सरकार’, प्रशांत किशोर बोले- TRE समेत जायज मांगें माननी होंगी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >