Begusarai News : तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार छात्र की मौत; आक्रोशित लोगों ने दो को दबोचा

तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने साइकिल सवार छात्र को जोरदार टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान रुपनी गांव निवासी अजय कुमार गुप्ता के 23 वर्षीय पुत्र राजू रंजन के रूप में की गई है.

Begusarai News: (विकाश मिश्रा) जिले के साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के अवध-तिरहुत पथ पर सनहा हाई स्कूल के समीप बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है. यहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने साइकिल सवार छात्र को जोरदार टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान रुपनी गांव निवासी अजय कुमार गुप्ता के 23 वर्षीय पुत्र राजू रंजन के रूप में की गई है. घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया है और पुलिस ने मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया है.

बाजार से लौटते समय हादसा, पुलिस बनना चाहता था राजू

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, राजू रंजन सनहा पश्चिम (वार्ड संख्या-8) में अपने बहनोई जितेंद्र गुप्ता के घर पर रहकर पढ़ाई करता था और प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी में जुटा था. बुधवार की देर शाम वह साइकिल से पंचवीर बाजार सब्जी खरीदने गया था. बाजार से वापस लौटने के दौरान सनहा हाईस्कूल के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसकी साइकिल में इतनी जबरदस्त टक्कर मारी कि वह दूर जा गिरा.

डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित किया

स्थानीय लोग तुरंत लहूलुहान राजू को लेकर साहेबपुरकमाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस खबर के बाद परिजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। रोती-बिलखती मां बार-बार एक ही बात कह रही थी “राजू कहै रहै कि हम पुलिस के नौकरी करबौ आरो तोहर सबके अरमान पूरा कैर देबौ, आब हम्मर अरमान के पूरा करतै हो बेटा..

भीड़ से बचने के लिए छत से कूदा आरोपी, घायल

हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित भीड़ ने बाइक सवार दोनों युवकोंविकास कुमार और पवन कुमार को मौके पर ही दबोच लिया। इस दौरान खुद को घिरता देख पवन कुमार भागकर पास के ही स्कूल की छत पर चढ़ गया. जब लोग उसे पकड़ने के लिए ऊपर बढ़े, तो वह डर के मारे छत से नीचे कूद गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

परिजनों के आवेदन पर होगी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही साहेबपुरकमाल थानाध्यक्ष सिंटू कुमार ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने उग्र लोगों को शांत कराया और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पहले सीएचसी पहुंचाया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर कर दिया. मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. परिजनों से प्राप्त आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Also Read: यूपी में मजदूरी करने गए 18 वर्षीय युवक की मौत, शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >