भाकपा ने केंद्र सरकार के विरोध में किया पुतला दहन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठाई मांग

Begusarai News : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया. उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं, पेपर लीक, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर आक्रोश जताया.

Begusarai News : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) अंचल परिषद, साहेबपुर कमाल के तत्वावधान में सोमवार को प्रखंड मुख्यालय परिसर में केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक, महंगाई, बेरोजगारी तथा अन्य जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर विरोध दर्ज कराया.

सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी पर जताई आपत्ति

सभा को संबोधित करते हुए भाकपा अंचल सचिव मनोज कुमार ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी लोकतंत्र के लिए कलंक है. उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे लोगों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है. उनका कहना था कि शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर देशभर में छात्र संगठन और सामाजिक कार्यकर्ता लगातार आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है.

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई

मनोज कुमार ने नीट समेत विभिन्न परीक्षा मामलों में कथित अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की. उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से कदम उठाना चाहिए.

छात्र आंदोलन और बेरोजगारी के मुद्दे उठाए

भाकपा के जिला सचिव मंडल सदस्य प्रताप नारायण सिंह ने छात्र-छात्राओं के संसद मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज की निंदा की. उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त समस्याओं के समाधान और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसी घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है.

महिलाओं की सुरक्षा समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा

राष्ट्रीय परिषद सदस्य ललिता कुमारी ने अपने संबोधन में महिलाओं के विरुद्ध बढ़ती घटनाओं, कथित फर्जी मुठभेड़ों तथा अन्य जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि इन विषयों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ प्रभावी कदम उठाने चाहिए.

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

पुतला दहन कार्यक्रम में राष्ट्रीय परिषद सदस्य ललिता कुमारी, जिला परिषद सदस्य रामकुमार सिंह, अंचल सचिव मनोज कुमार, गोपाल पोद्दार, सरफराज आलम, सौरभ कुमार सिंह, मोहम्मद रिजाबुल हक, भविष्य कुमार, अनवर आलम, सनहा पश्चिम पैक्स अध्यक्ष रतन कुमार, गणेश चौधरी, सकलदेव चौधरी, प्रभाकर सिंह सहित बड़ी संख्या में भाकपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

Also Read : गोपालगंज के निर्देशक कमलेश मिश्र की फिल्म 'काकोरी' को मिलेगा 72वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ajay kumar

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >