Begusarai News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 19 जुलाई को प्रस्तावित बेगूसराय दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं. जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान गांधी स्टेडियम, बीपी इंटर स्कूल, आईओसीएल बरौनी परिसर तथा मुख्यमंत्री के आवागमन वाले पूरे मार्ग को 'नो ड्रोन फ्लाइंग जोन' घोषित कर दिया है.
ड्रोन और मानवरहित उड़ान उपकरणों के संचालन पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार निर्धारित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के ड्रोन, मानवरहित हवाई यान (यूएवी) अथवा रिमोट संचालित उड़ान उपकरण के संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. जिला पदाधिकारी ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी और सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है. आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही आम नागरिकों, ड्रोन ऑपरेटरों और संबंधित संस्थाओं से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई है.
551 आदर्श विद्यालयों का हो सकता है लोकार्पण
मुख्यमंत्री अपने बेगूसराय दौरे के दौरान राज्यभर में नवनिर्मित 551 आदर्श (मॉडल) विद्यालयों का लोकार्पण भी कर सकते हैं. इसे शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है. इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक शिक्षण व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को नई दिशा मिलेगी.
शिक्षा विभाग ने तैयारियां पूरी करने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री के उद्घाटन कार्यक्रम से पहले शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों और विद्यालयों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया है. विद्यालयों में डिजिटल सुविधाएं, स्मार्ट क्लास, फर्नीचर, स्वच्छ परिसर तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
सुरक्षा से लेकर कार्यक्रम स्थल तक प्रशासन की विशेष नजर
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक और शैक्षणिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यक्रम स्थलों की तैयारियों तक हर व्यवस्था पर जिला प्रशासन की विशेष नजर बनी हुई है, ताकि कार्यक्रम का सफल और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया जा सके.
Also Read : सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम में बच्चों को स्वच्छता का दिया गया संदेश, हाथ धोने की सही विधि बताई गई
