बेगूसराय से बिपिन राज की रिपोर्ट
RJD on Begusarai Gangrape Case : बेगूसराय के सिमरिया घाट बिंदटोली में महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की 10 सदस्यीय जांच समिति गांव पहुंची. पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता के नेतृत्व में टीम ने पीड़िता के परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली और स्थानीय लोगों से भी बातचीत की.
पीड़िता की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती
जांच टीम के पहुंचने के समय पीड़िता की तबीयत खराब होने के कारण उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इस वजह से समिति के सदस्य पीड़िता से सीधे बातचीत नहीं कर सके. हालांकि उन्होंने परिजनों और समाज के प्रतिनिधियों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की.
सामाजिक न्याय और निष्पक्ष जांच का मुद्दा : आलोक मेहता
पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता ने कहा कि पीड़िता अतिपिछड़ा समाज से आती है, इसलिए मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल साबित हो रही है. उनका आरोप था कि प्रशासन समय रहते कार्रवाई करता तो घटना को रोका जा सकता था.
जमीनी रिपोर्ट तैयार करेगी समिति
राजद ने इस मामले को केवल आपराधिक घटना नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा विषय बताया. इसी उद्देश्य से गठित जांच समिति को जमीनी स्तर पर रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है. समिति में महिला प्रकोष्ठ, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ और युवा राजद के कई पदाधिकारी शामिल हैं.
पुलिस की जांच और प्रेस विज्ञप्ति पर उठाए सवाल
राजद के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि चकिया थाना कांड संख्या 56/26 से जुड़ी यह घटना बेहद गंभीर और समाज को शर्मसार करने वाली है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में पीड़िता के लगाए गए कुछ गंभीर आरोपों का उल्लेख नहीं किया गया है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
बड़ी संख्या में मौजूद रहे नेता और कार्यकर्ता
जांच के दौरान समिति के सदस्यों के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और राजद कार्यकर्ता भी मौजूद रहे. टीम में अरविंद कुमार सहनी, मुकुंद सिंह, अनीता भारती, पिंकी भारती, पूजा शेखर यादव, रेणू सहनी, गुड़िया यादव, कुमार रूपेश यादव, मोहित यादव सहित अन्य नेता शामिल थे.
इसे भी पढ़ें : भरत तिवारी मामले में न्याय की मांग को लेकर करणी सेना का महापंचायत, कई राज्यों से हजारों की संख्या में पहुंचे समर्थक
