तीन माह पहले हुई थी शादी, अब नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद शव गायब, पुलिस के सामने कई सवाल

Begusarai News : बेगूसराय के बखरी में तीन माह पहले शादीशुदा नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद उसका शव रहस्यमय तरीके से गायब हो गया. पुलिस को फंदे के संकेत मिले हैं, लेकिन शव नहीं मिलने से मामला गहरा गया है.

Begusarai News : जिले के बखरी थाना क्षेत्र के महादेवचक गांव में तीन माह पहले विवाह बंधन में बंधी एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और उसके बाद शव के रहस्यमय तरीके से गायब होने की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. पुलिस को घटनास्थल से फंदे के संकेत मिले हैं, लेकिन शव नहीं मिलने से मामला और उलझ गया है. पुलिस आत्महत्या, हत्या और साक्ष्य मिटाने समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है.

मृतका की पहचान चांदनी कुमारी के रूप में, तीन महीने पहले हुई थी शादी

मृतका की पहचान चांदनी कुमारी के रूप में हुई है. उसकी शादी करीब तीन महीने पहले महादेवचक गांव निवासी सौरभ कुमार से हुई थी. ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार देर रात घर के अंदर चांदनी के फंदे से लटके होने की जानकारी सामने आई. बताया गया कि परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा, लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां शव मौजूद नहीं था.

घर के पुरुष सदस्य फरार, महिलाओं के बयान में विरोधाभास

घटना के बाद घर के पुरुष सदस्य फरार मिले, जबकि घर में मौजूद महिलाओं ने पुलिस को अलग-अलग जानकारी दी. बयानों में विरोधाभास मिलने से पूरे मामले पर रहस्य और गहरा गया है. पुलिस सभी तथ्यों की कड़ियों को जोड़कर मामले की जांच कर रही है.

एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

सूचना मिलने के बाद एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए. सभी साक्ष्यों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है. पुलिस को उम्मीद है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट से मामले की गुत्थी सुलझाने में मदद मिलेगी.

पंजाब जाने को लेकर मतभेद और लेन-देन की भी चर्चा

ग्रामीणों के मुताबिक चांदनी का मायका मूल रूप से समस्तीपुर जिले के बिथान थाना क्षेत्र में है, हालांकि उसका परिवार लंबे समय से पंजाब के लुधियाना में रह रहा है. गांव में चर्चा है कि शादी के बाद पति-पत्नी के बीच पंजाब जाकर रहने को लेकर मतभेद था. वहीं कुछ लोग पारिवारिक लेन-देन को भी विवाद की वजह बता रहे हैं. हालांकि पुलिस ने इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है.

शव की बरामदगी और परिजनों के आवेदन के आधार पर होगी कार्रवाई

बखरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. शव की बरामदगी, फॉरेंसिक रिपोर्ट और मृतका के परिजनों से प्राप्त आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.

Also Read : बारिश से मिली गर्मी से राहत, लेकिन वीरपुर में जलजमाव बना मुसीबत



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >