मटिहानी में ‘हर घर तिरंगा-2026’ के तहत शैक्षणिक प्रतियोगिताएं, पांच विद्यार्थियों ने हासिल किया प्रथम स्थान

Begusarai News : मटिहानी में हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित हुई. मेधावी छात्रों को पुरस्कृत किया गया, जो अब जिला स्तर पर प्रतिनिधित्व करेंगे.

Begusarai News : बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, पटना तथा कार्यालय जिला शिक्षा पदाधिकारी, बेगूसराय के आदेशानुसार ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान के तहत मटिहानी प्रखंड में ‘मेरा भारत, मेरा संकल्प- विकसित भारत 2047’ थीम पर प्रखंड स्तरीय शैक्षणिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के संकुल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर चयनित मेधावी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का किया गया शुभारंभ

प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ उच्च माध्यमिक विद्यालय खोरमपुर के प्रधानाध्यापक डॉ. सुदर्शन कुमार, मध्य विद्यालय मटिहानी के प्रधानाध्यापक चंद्रकांत एवं उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया.

चित्रकला, निबंध और भाषण में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

प्रतियोगिता का निष्पक्ष संचालन और मूल्यांकन सुनिश्चित करने के लिए निर्णायक मंडल का गठन किया गया था. इसमें प्रधानाध्यापक पंकज कुमार राय, सुबोध कुमार तथा शिक्षक कृष्णदेव पासवान, रिक्की कुमार, मंतोष कुमार, अजीत कुमार सहित अन्य शिक्षक शामिल थे. निर्णायक मंडल की देखरेख में वर्ग 6 से 8 तथा वर्ग 9 से 12 के विद्यार्थियों के बीच पेंटिंग यानी चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कुशाग्र बुद्धि, कल्पनाशीलता और देशभक्ति से ओतप्रोत विचारों का प्रदर्शन किया.

Also Read : नवादा: ट्रक में कोयले के नीचे छिपाकर लायी जा रही 600 लीटर शराब बरामद, नालंदा के रहनेवाले ड्राइवर व खलासी गिरफ्तार

चित्रकला में मिशु और वैष्णवी ने मारी बाजी

घोषित परिणाम के अनुसार, पेंटिंग प्रतियोगिता के वर्ग 6 से 8 में मध्य विद्यालय महाजी की मिशु कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं, वर्ग 9 से 12 में उच्च माध्यमिक विद्यालय महाजी की वैष्णवी कुमारी प्रथम रहीं.

निबंध में पिंक राज और अनमोल कुमारी प्रथम

निबंध प्रतियोगिता के वर्ग 6 से 8 में उत्क्रमित मध्य विद्यालय चाक के पिंक राज ने प्रथम स्थान हासिल किया. वहीं, वर्ग 9 से 12 में उच्च माध्यमिक विद्यालय महाजी की अनमोल कुमारी ने बाजी मारी.

Also Read : नवादा में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति ने की दूसरी शादी; 9 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज

भाषण प्रतियोगिता में आराध्या कुमारी अव्वल

वर्ग 9 से 12 के लिए आयोजित भाषण प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल), मटिहानी की आराध्या कुमारी ने उत्कृष्ट अभिव्यक्ति शैली का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया.

विजेता विद्यार्थियों को मेडल और पारितोषिक देकर किया सम्मानित

कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों ने सभी प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल एवं पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया. अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया.

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में मटिहानी का प्रतिनिधित्व करेंगे विजेता

मटिहानी प्रखंड स्तर पर विभिन्न विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले ये मेधावी प्रतिभागी 13 अगस्त 2026 को बी.पी. 2 विद्यालय, बेगूसराय में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रखंड मटिहानी का प्रतिनिधित्व करेंगे.

धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन

अंत में उच्च माध्यमिक विद्यालय खोरमपुर के प्रधानाध्यापक डॉ. सुदर्शन कुमार ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया. इसके साथ ही कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की गई.

Also Read : सिरदला में निकली तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय के नारों से गूंजा पूरा शहर, बही देशभक्ति की धारा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >