बेगूसराय में निर्वस्त्र अवस्था में मिला 22 वर्षीय युवक का शव, आंख-कान के पास गहरे जख्म से हत्या की आशंका

बेगूसराय के मंझौल में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. कमला गांव के समीप एक 22 वर्षीय युवक का निर्वस्त्र शव सड़क किनारे मिला है. शव पर मिले गहरे जख्म के निशान हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है.

Beguusarai News : बेगूसराय के मंझौल थाना क्षेत्र के कमला गांव के समीप रविवार की सुबह सड़क किनारे एक 22 वर्षीय युवक का निर्वस्त्र शव मिलने से सनसनी फैल गई. शव गांव के एक सरकारी विद्यालय के पीछे से बरामद हुआ. मृतक की पहचान कोईर टोला, मंझौल निवासी उमा पासवान के पुत्र प्रणय कुमार के रूप में हुई है. शव मिलने की सूचना पर मंझौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

शव के शरीर पर मिले जख्म के निशान

पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह थाना को सूचना मिली कि कमला गांव के पास एक अज्ञात युवक का शव पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी. घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया.

जांच के दौरान मृतक के शव से आवश्यक साक्ष्य और प्रदर्श एकत्र किए गए. पुलिस के मुताबिक शव निर्वस्त्र अवस्था में मिला है. मृतक की बाईं आंख और बाएं कान के पास गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं. इन परिस्थितियों के कारण पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

शव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय लाया गया है. पुलिस का कहना है कि युवक की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही चल सकेगा.

एसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर ली जानकारी

घटना की सूचना मिलने के बाद बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने मौके पर मौजूद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली.

एसपी ने घटनास्थल पर मौजूद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और मंझौल थाना पुलिस को मामले की गहनता से जांच करने का निर्देश दिया. पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मंझौल के नेतृत्व में पुलिस टीम जांच में जुटी हुई है.

संभावित ठिकानों पर छापेमारी

पुलिस ने घटना की वजह और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है. मृतक के हाल के संपर्क, उसकी गतिविधियों और उसके साथ रहने वाले लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है.

एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ने में लगी है. पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

पोस्टमार्टम-एफएसएल जांच रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारण का खुलासा होने की उम्मीद है.

फिलहाल पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. घटना के बाद कमला गांव और आसपास के इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >