सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी और नीट मुद्दे पर माकपा का प्रदर्शन, पीएम मोदी व शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला

Begusarai News : बेगूसराय में माकपा ने सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी और नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन किया. केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका गया.

Begusarai News : सुप्रसिद्ध शिक्षाविद, पर्यावरणविद और वैज्ञानिक सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी के विरोध में, नीट पेपर लीक मामले के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तथा दिल्ली में जंतर-मंतर से संसद मार्च कर रहे युवाओं के समर्थन में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (माकपा) ने सोमवार को बेगूसराय के पावर हाउस चौक पर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई.

जिला कार्यालय से निकाला गया विरोध मार्च

माकपा कार्यकर्ताओं ने जिला सचिव कॉमरेड रत्नेश झा के नेतृत्व में पार्टी जिला कार्यालय से जुलूस निकाला. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने के आरोप तथा दिल्ली में आंदोलनरत युवाओं के समर्थन में नारे लगाए. जुलूस पावर हाउस चौक पहुंचा, जहां सभा का आयोजन किया गया. सभा की अध्यक्षता दलित शोषण मुक्ति मंच के जिला सचिव सूर्यनारायण रजक ने की.

नीट मामले को लेकर केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

सभा को संबोधित करते हुए माकपा की राज्य कमेटी के सदस्य कुमार विनीताभ ने कहा कि नीट पेपर लीक और उससे जुड़ी परीक्षाओं के स्थगन की स्थिति के लिए केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री जिम्मेदार हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे प्रकरण ने लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित किया है. उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर 22 दिनों से आमरण अनशन जारी है.

सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी का किया विरोध

कुमार विनीताभ ने कहा कि समाजसेवी एवं पर्यावरणविद सोनम वांगचुक को पुलिस द्वारा जबरन अस्पताल ले जाया गया, जबकि केंद्र सरकार आंदोलनकारियों से बातचीत करने को तैयार नहीं है. उन्होंने इसे सरकार की हठधर्मिता बताते हुए कहा कि इसी के विरोध में देशभर में आंदोलन चल रहा है.

एनटीए और एनईपी को रद्द करने की उठाई मांग

जिला सचिव कॉमरेड रत्नेश झा ने कहा कि माकपा दिल्ली में आंदोलन कर रहे युवाओं के साथ पूरी एकजुटता से खड़ी है. उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) को रद्द करने की मांग दोहराई. उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाना चाहिए.

सरकारी विद्यालयों के नाम बदलने पर भी जताया विरोध

रत्नेश झा ने आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री ने बेगूसराय से रिमोट के माध्यम से राज्य के 551 सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालयों के नाम बदलकर 'सरस्वती विद्या निकेतन' कर दिए. उन्होंने इसे संविधान और शिक्षा व्यवस्था की मूल भावना के खिलाफ बताते हुए इस निर्णय की आलोचना की.

सिक्सलेन गंगा पुल का नाम प्रो. रामशरण शर्मा के नाम पर रखने की मांग

सभा के दौरान माकपा नेताओं ने गंगा नदी पर बने सिक्सलेन पुल का नाम विश्वविख्यात इतिहासकार प्रो. रामशरण शर्मा के नाम पर रखने की भी मांग की. उनका कहना था कि इतिहास और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए यह उचित सम्मान होगा.

कई नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में जलेस के जिला उपाध्यक्ष प्रो. चंद्रशेखर चौरसिया, जिला किसान काउंसिल के उपाध्यक्ष सुरेंद्र साह, संयुक्त सचिव अजय यादव, रमेश यादव, रामनरेश दास, सहदेव दास, मो. इदरीस, अंकुश कुमार, दीपक कुमार, महेंद्र पासवान सहित पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे.

Also Read : हाजीपुर की दो बड़ी वारदातों का अब तक नहीं हुआ खुलासा, लूटकांड और फायरिंग मामले में पुलिस के हाथ खाली



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >