बेगूसराय में बदला मौसम का मिजाज, झमाझम बारिश ने गर्मी से दिलाई राहत, अगले 5 दिनों तक सक्रिय रहेगा मानसून

Begusarai Weather Update : बेगूसराय जिले में हुई झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत दी है. हालांकि, जलजमाव की समस्या ने कुछ इलाकों में परेशानी खड़ी कर दी है. किसानों के लिए यह बारिश बेहद फायदेमंद साबित हुई है.

Begusarai Weather Update : बेगूसराय जिले में बुधवार देर रात हुई झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत दी. गुरुवार सुबह मौसम सुहावना रहा और तापमान में गिरावट दर्ज की गई. जहां बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई, वहीं कई इलाकों में जलजमाव के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

झमाझम बारिश से बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत

जिला मुख्यालय सहित बखरी, गढ़पुरा, खोदाबंदपुर, बछवाड़ा, नावकोठी, बरौनी, बीहट और छौड़ाही समेत जिले के कई हिस्सों में बुधवार देर रात तेज बारिश हुई. लंबे समय बाद हुई मूसलाधार बारिश से गुरुवार सुबह मौसम खुशनुमा हो गया और लोगों ने उमस भरी गर्मी से राहत महसूस की.

कई इलाकों में जलजमाव से बढ़ी लोगों की परेशानी

तेज बारिश के कारण छौड़ाही बाजार के बखड्डा चौक, अमारी, दौलतपुर-मालीपुर मुख्य पथ और अन्य निचले इलाकों में जलजमाव हो गया. कई सड़कों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित रहा. दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हुई, जबकि पानी में गड्ढे छिप जाने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रही.

किसानों के लिए बारिश बनी राहत की फुहार

बारिश ने जिले के किसानों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है. लगातार उमस और खेतों में नमी की कमी से धान की खेती प्रभावित होने की आशंका थी. देर रात हुई बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची है, जिससे धान का बिचड़ा गिराने और रोपनी की तैयारी में किसानों को बड़ी राहत मिली है.

जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की उठी मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश के बाद जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सड़कें तालाब में बदल जाती हैं. इससे बाजार आने-जाने वाले लोगों, स्कूली छात्रों और दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी होती है. लोगों ने संबंधित विभाग से स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग दोहराई है. किसानों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह संतुलित बारिश होती रही, तो खरीफ फसलों की खेती को बड़ा लाभ मिलेगा. पर्याप्त नमी मिलने से खेती का काम तेजी से आगे बढ़ सकेगा.

बेगूसराय में कैसा है आज का मौसम

बेगूसराय में गुरुवार को मौसम ने लोगों को गर्मी और बारिश दोनों का अहसास कराया. तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, लेकिन 70 प्रतिशत नमी के कारण यह 42 डिग्री सेल्सियस जैसा महसूस हो रहा है. मौसम विभाग ने दोपहर बाद गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है.

अगले पांच दिनों तक मानसून रहेगा सक्रिय

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 10 से 14 जुलाई तक बेगूसराय में मानसून सक्रिय रहेगा. इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना है. 13 जुलाई को तेज आंधी और भारी बारिश के भी आसार जताए गए हैं. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें. खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें.

Also Read : बेगूसराय के इन इलाकों में आज 4 घंटे नहीं रहेगी बिजली, जरूरी काम पहले ही निपटा लें


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >