Giriraj Singh News: बेगूसराय सांसद सह केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह गुरुवार को मिथिलांचल की पावन शिवनगरी बाबा हरिगिरिधाम गढ़पुरा पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की. उनके आगमन को लेकर धाम परिसर में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.
धाम परिसर में लगाया आम का पौधा
पूजा-अर्चना के बाद केंद्रीय मंत्री ने धाम परिसर में आम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने और पर्यावरण को संरक्षित रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और इनके संरक्षण से आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा.
मंदिर परिसर में झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
केंद्रीय मंत्री ने मंदिर परिसर में झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है. धार्मिक स्थलों सहित सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई में सभी लोगों को सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए. उनके इस कार्य की उपस्थित लोगों ने सराहना की.
श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
धाम परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद भी किया तथा मंदिर के विकास एवं क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की. लोगों ने उनसे क्षेत्र के विकास संबंधी मुद्दों पर भी अपनी बातें रखीं.
बड़ी संख्या में मौजूद रहे कार्यकर्ता
मौके पर भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष उमेश पासवान, जिला उपाध्यक्ष सुमित सन्नी, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल किशोर झा, धाम समिति के सचिव विकास सिंघानियां, कोषाध्यक्ष शशिकांत प्रसाद वर्मा, सदस्य राजीत यादव, दीपांशु कुमार पुष्पम, शिवनारायण झा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित थे. केंद्रीय मंत्री के आगमन से पूरे धाम परिसर में दिनभर उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा.
इसे भी पढ़ें : बेगूसराय: शादी की खुशियों पर टूटा दुखों का पहाड़, कपड़ा लेकर जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, एनएच-31 जाम
