Begusarai News : बरौनी प्रखंड के सिमरिया घाट बिंदटोली से सीतारामपुर की ओर जाने वाली मुख्य सड़क ध्वस्त हो जाने से दर्जनों गांवों का संपर्क भंग हो गया है. सड़क टूटने के कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है, जबकि विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
पानी के तेज बहाव से कई जगहों पर ध्वस्त हुई सड़क
मल्हीपुर दक्षिण पंचायत के पूर्व वार्ड सदस्य रौदी कुमार, संजय निषाद, रामविलास निषाद, कुंदन कुमार, नरेश निषाद, दिलीप कुमार महतो, रोहित कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गंगा नदी में बाढ़ आने के कारण सड़क के नीचे बने भंवरा से दो-तीन दिनों से पानी बह रहा था. इसी क्रम में पानी का बहाव तेज होने के कारण सड़क पूरी तरह ध्वस्त हो गई.
सड़क टूटने के कारण पुनर्वासित टोला के समीप सिमरिया घाट बिंदटोली से कसहा दियारा, डुमरा जंजीरा, विजयगढ़, सीतारामपुर, रचियाही और उलाव समेत आधा दर्जन गांवों का संपर्क भंग हो गया है. सड़क क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है.
सड़क की जल्द मरम्मत नहीं हुई तो बढ़ सकता है खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि क्षतिग्रस्त सड़क पर शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो पानी तेजी से गांवों की ओर बढ़ सकता है. फिलहाल सड़क के किनारे बने छोटे-बड़े गड्ढों में तेजी से पानी भरने लगा है, जिससे ग्रामीणों में खतरे की आशंका बढ़ गई है.
पूर्व वार्ड सदस्य रौदी कुमार ने बताया कि बीती रात भंवरा के समीप उक्त सड़क अचानक कई जगहों से क्षतिग्रस्त होने लगी. स्थानीय ग्रामीण ईंट डालकर सड़क की अस्थायी मरम्मत का सामूहिक प्रयास कर रहे हैं, लेकिन पानी का दबाव सड़क कब तक झेल पाएगी, यह कहना मुश्किल है.
गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब
ग्रामीणों ने बताया कि सिमरिया में गंगा का बढ़ता जलस्तर भी चिंता का कारण बना हुआ है. गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के बिल्कुल करीब पहुंच गया है और अभी भी जलस्तर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. ऐसे में आने वाले दिनों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर होने की आशंका है.
दियारा क्षेत्र में फसल बर्बाद, पशु चारे का संकट
गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण दियारा क्षेत्र में खेल-खलिहान और खेतों में पानी प्रवेश कर चुका है. खेतों में लगी फसल बर्बाद होने लगी है, वहीं पशु चारे की भी किल्लत उत्पन्न हो गई है. बाढ़ की स्थिति को देखते हुए ग्रामीण अब सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर जाने की तैयारी करने लगे हैं.
Also Read : नवादा: प्राइवेट अस्पताल में महिला की मौत के मामले में 10 हिरासत में, जांच के लिए बनायी जा रही टीम
