Begusarai News : राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिले के सभी माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत पुस्तकालयाध्यक्षों द्वारा बेगूसराय के स्वर्ण जयंती पुस्तकालय में डॉ. एस.आर. रंगनाथन की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई. इस दौरान पुस्तकालय विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान को याद करते हुए पुस्तकालयों को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया गया.
पुस्तकालयाध्यक्ष समाज को ज्ञान से जोड़ने की कड़ी
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वर्ण जयंती पुस्तकालय के अध्यक्ष अरविंद कुमार ने की, जबकि संचालन आर. 2 वि. सिन्हा के पुस्तकालयाध्यक्ष रंजन कुमार ने किया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार और विशिष्ट अतिथि के रूप में बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष डॉ. सुरेश प्रसाद राय उपस्थित रहे. वक्ताओं ने पुस्तकालय विज्ञान के जनक डॉ. एस.आर. रंगनाथन के योगदान को याद करते हुए कहा कि पुस्तकें ज्ञान का भंडार हैं और पुस्तकालयाध्यक्ष समाज को ज्ञान से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी हैं. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और आम लोगों में पढ़ने की संस्कृति विकसित करने में पुस्तकालयों की महत्वपूर्ण भूमिका है.
Also Read : सिरदला में निकली तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय के नारों से गूंजा पूरा शहर, बही देशभक्ति की धारा
पुस्तकालयों को सुदृढ़ बनाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम में जिलेभर से आए पुस्तकालयाध्यक्षों ने पुस्तकालयों को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया. वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक दौर में पुस्तकालयों को नई तकनीक और डिजिटल संसाधनों से जोड़ने के साथ पुस्तकों की उपलब्धता और पाठकों की सुविधा पर भी ध्यान देने की जरूरत है.
आयोजन में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम का स्वागत भाषण एवं धन्यवाद ज्ञापन स्वर्ण जयंती केंद्रीय पुस्तकालय के पुस्तकालयाध्यक्ष ओम कुमार ने किया. वहीं, स्वर्ण जयंती पुस्तकालय के प्रेम कुमार ने आगत अतिथियों का स्वागत किया. समारोह के प्रबंधन में जितेंद्र प्रसाद सिंह, पंकज प्रसून, इंदु कुमार, अविनाश कुमार, प्रियंका कुमारी, अनुपमा कुमारी सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
Also Read : नवादा में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति ने की दूसरी शादी; 9 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
