बेगूसराय: मंसूरचक में कांग्रेस के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष और प्रखंड अध्यक्ष का सम्मान, संगठन मजबूत करने का आह्वान

मंसूरचक प्रखंड में कांग्रेस के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष और प्रखंड अध्यक्षों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया. इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया.

Begusarai News: मंसूरचक प्रखंड के साठा पंचायत स्थित गुरदासपुर विवाह भवन सभागार में रविवार को कांग्रेस के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष एवं प्रखंड अध्यक्ष के सम्मान में कार्यकर्ता मिलन सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता बालेश्वर महतो ने की, जबकि मंच संचालन युवा कांग्रेस नेता कल्याणी महतो और मोहम्मद जावेद अंसारी ने संयुक्त रूप से किया. कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई.

नव पदाधिकारियों का पारंपरिक सम्मान

समारोह में बेगूसराय जिला कांग्रेस कमेटी के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास, मंसूरचक प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मो. अमीनुद्दीन, भगवानपुर प्रखंड अध्यक्ष रामबाबू तांती तथा बछवाड़ा प्रखंड अध्यक्ष सुदर्शन कुमार को मिथिला की पारंपरिक परंपरा के अनुसार अंगवस्त्र और सम्मान चिह्न देकर सम्मानित किया गया.

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाने की जरूरत है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान तेज करने, आम लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और गांव-गांव तक संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया.

मॉडल स्कूलों को लेकर सरकार पर साधा निशाना

जिलाध्यक्ष ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन 551 मॉडल विद्यालयों का उद्घाटन किया जा रहा है, वे नए विद्यालय नहीं बल्कि पुराने विद्यालय हैं, जिन्हें केवल नया स्वरूप दिया गया है. उन्होंने कहा कि यदि विद्यालयों में आधुनिक प्रयोगशाला, पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर, पर्याप्त शिक्षक, शुद्ध पेयजल, शौचालय और खेलकूद जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होंगी, तो केवल रंग-रोगन से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार संभव नहीं है.

संगठन विस्तार का लिया संकल्प

समारोह को मधुकांत महतो, ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष राम स्वार्थ साह, अनिल महतो, अशोक महतो, रामसेवक राय, प्रखंड प्रमुख जलस देवी, मो. शब्बीर, ऋषिकेश पासवान, अस्मिता प्रियदर्शिनी, मनोज पासवान, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक मो. अनवर, अहमद हुसैन, संजय पासवान, रामविलास चौधरी, रामकुमार चौधरी, पूर्व प्रमुख संजय चौधरी, कृष्ण कुमार राय, पूर्व मुखिया सीताराम यादव, प्रो. नीरज झा, पैक्स अध्यक्ष अरविंद शर्मा, सुरेश राय, दिनेश महतो, श्यामनंदन महतो, नितीश कुमार, पीयूष कुमार, रामपुकार महतो, रामाशीष सहनी, राम प्रकाश साह सहित कई नेताओं ने संबोधित किया.

वक्ताओं ने कहा कि नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष और प्रखंड अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस संगठन को हर वार्ड और गांव तक मजबूत किया जाएगा तथा युवा, महिला और बूथ स्तर के संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा. कार्यक्रम के अंत में युवा कांग्रेस नेता श्यामनंदन महतो ने धन्यवाद ज्ञापन किया.

इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: पंकज झा

Published by: Vivek Ranjan

पंकज झा प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >