Begusarai Nagdah Firing Incident : बेगूसराय में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद दिखाई दिए. नगर थाना क्षेत्र के नागदह मोहल्ला में देर रात बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली युवक के मुंह में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है.
Begusarai News : काम से लौट रहे युवक पर बोला हमला
घायल युवक की पहचान 27 वर्षीय देवराज उर्फ देवा के रूप में हुई है. वह खगड़िया जिले के गंगौर थाना क्षेत्र के चांदपुरा गांव निवासी जवाहर साह का पुत्र है और वर्तमान में सिंघौल थाना क्षेत्र के नागदह मोहल्ला में किराये के मकान में रहकर व्यवसाय करता है. परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 1:30 बजे वह काम खत्म कर घर लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उसे घेर लिया.
पहले मारपीट, फिर बेहद करीब से मारी गोली
बताया गया कि आरोपियों ने पहले देवराज के साथ गाली-गलौज और मारपीट की. इसके बाद एक आरोपी ने बेहद करीब से गोली चला दी, जो सीधे उसके मुंह में जा लगी. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद देवराज किसी तरह घटनास्थल से निकलकर मुख्य सड़क तक पहुंचा, जहां स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल उसका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है.
घायल ने तीन लोगों को किया नामजद
बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घायल देवराज ने अपने फर्द बयान में राजा कुमार, मंटू यादव और विपुल कुमार को आरोपी बनाया है. घायल के अनुसार, पुराने विवाद को लेकर तीनों ने पहले उसके साथ मारपीट की और बाद में मंटू यादव ने गोली चला दी.
एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112, नगर थाना पुलिस, सदर-1 डीएसपी आनंद कुमार पांडे और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची. वैज्ञानिक जांच के दौरान घटनास्थल से दो खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किए गए. साथ ही खून के नमूने सहित अन्य साक्ष्य भी एकत्र कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सदर-1 डीएसपी आनंद कुमार पांडे और नगर थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से पूछताछ की. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
