परीक्षा देकर लौट रही छात्रा को तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर, हुई मौत, जांच में जुटी पुलिस

Begusarai Road Accident : बेगूसराय-रोसड़ा स्टेट हाईवे-55 पर मोहनपुर अठवां ढाला के पास तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से पीजी की छात्रा पूजा कुमारी की मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर है.

Begusarai Road Accident : पीजी की परीक्षा देकर घर लौट रही एक छात्रा की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा बेगूसराय-रोसड़ा स्टेट हाईवे-55 (SH-55) पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर अठवां ढाला के पास हुआ. मृतका की पहचान बलिया थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव निवासी रामचरण शर्मा की 23 वर्षीय बेटी पूजा कुमारी के रूप में हुई है. वहीं घायल युवक की पहचान उसी गांव के स्वर्गीय पिंकेश सिंह के 27 वर्षीय पुत्र उज्ज्वल भारती के रूप में की गई है.

परीक्षा देने कॉलेज गई थी छात्रा

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पूजा पीजी की छात्रा थी और उसकी परीक्षा आरसीएस (RCS) कॉलेज मंझौल में चल रही थी. शुक्रवार को वह अपने पिता के साथ बलिया से बेगूसराय आई थी और वहां से उसने खुद ही परीक्षा केंद्र चले जाने की बात कही थी.

तेज रफ्तार पिकअप ने मारा धक्का

इसके बाद वह उज्ज्वल भारती के साथ पल्सर बाइक पर सवार होकर परीक्षा देने मंझौल चली गई. परीक्षा समाप्त होने के बाद जब दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे, इसी दौरान मोहनपुर अठवां ढाला के समीप एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में पूजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उज्ज्वल गंभीर रूप से घायल हो गया.

सदर अस्पताल में शव का हुआ पोस्टमार्टम

घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई. आनन-फानन में दोनों को बेगूसराय सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने पूजा को मृत घोषित कर दिया. मुफस्सिल थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है. दूसरी ओर, घायल उज्ज्वल का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है.

परिजनों में मचा कोहराम

इस दुखद घटना के संबंध में मृतक और घायल, दोनों में से किसी के भी परिजन अभी स्पष्ट रूप से कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं हैं. हालांकि, सदर अस्पताल में मौजूद लोगों के बीच इस दुर्घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थीं. फिलहाल, इस अचानक हुए हादसे के बाद दोनों युवकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. मुफस्सिल थाने की पुलिस ने मामले को दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

Also Read : बेगूसराय : राजधानी एक्सप्रेस में लावारिस बैग मिलने से मची अफरा-तफरी, थोड़े देर बाद पहुंच गया बैग का मालिक फिर…

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin kumar mishra

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >