बेगूसराय सड़क हादसे में 4 लोगों ने गवाईं जान, घायल बाराती ने किया दावा- ‘गूगल मैप से रास्ता खोजने के दौरान हुआ हादसा’

Begusarai Road Accident News: बेगूसराय के NH-31 पर जन्मदिन मनाकर लौट रहे युवकों की स्कॉर्पियो दूसरी स्कॉर्पियो से टकरा गई. हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हुए हैं. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.

बेगूसराय से विकाश मिश्रा की रिपोर्ट
Begusarai Road Accident News : एक जन्मदिन की खुशियां कुछ ही मिनटों में मातम में बदल गईं. रविवार रात बेगूसराय के एनएच-31 फोरलेन पर हुए भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की दुनिया उजाड़ दी. पोखरिया मोहल्ले के तीन दोस्तों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरी स्कॉर्पियो का चालक भी जान गंवा बैठा. हादसे में नौ लोग घायल हुए हैं, जिनमें जन्मदिन मना रहे करण कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है. उसके सिर में 28 टांके लगे हैं. बताते हुए चले कि बीते रविवार को करण कुमार का जन्मदिन था. मोहल्ले में दोस्तों के साथ केक काटा गया, डीजे पर डांस हुआ और देर रात तक जश्न चलता रहा.

बारात की स्कॉर्पियो से भिड़ी युवकों की गाड़ी

इसके बाद दोस्तों ने पूर्णिमा से पहले सिमरिया गंगा घाट जाकर एक बार फिर केक काटने और स्नान करने की योजना बनाई. करीब साढ़े 12 बजे छह दोस्त एक स्कॉर्पियो से सिमरिया के लिए निकले. लेकिन घर से कुछ ही मिनट की दूरी पर सिंघौल थाना क्षेत्र के अंग्रेजी ढाला के पास उनकी स्कॉर्पियो दूसरी स्कॉर्पियो से भिड़ गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऋषभ, सन्नी और हिमांशु की मौके पर ही मौत हो गई. दूसरी स्कॉर्पियो बखरी के राटन गांव से बेगूसराय के विनोदपुर जा रही बारात की थी. घायल बाराती के अनुसार चालक ने गांव की लोकेशन गूगल मैप पर लगा रखी थी. मैप अंग्रेजी ढाला से दाहिने मुड़ने का रास्ता दिखा रहा था, जबकि उन्हें पहले ही मुड़ना था.

दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो की तस्वीर

रास्ता बदलने के दौरान हुई टक्कर

रास्ता समझने के लिए चालक वाहन मोड़ने या पीछे करने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही दूसरी स्कॉर्पियो उससे टकरा गई. बताया जाता है कि जिस स्कॉर्पियो में बाराती सवार थे, वह रास्ता भटक गई थी. अधिकांश बाराती समय पर विवाह स्थल पहुंच चुके थे, लेकिन यह वाहन गूगल मैप के सहारे रास्ता खोज रहा था. हादसे में स्कॉर्पियो चालक की भी मौत हो गई और कई बाराती घायल हो गए. जिससे खुशियों का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया. हालांकि गूगल मैप हादसे का आधिकारिक कारण है या नहीं, इसका अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा.

इलाजरत करण की तस्वीर

ऋषभ, सन्नी और हिमांशु की मौत से गमगीन हुआ पोखरिया, हर आंख हुई नम

फिलहाल यह दावा घायल बारातियों के बयान पर आधारित है.इधर सोमवार को पोखरिया मोहल्ले का माहौल किसी दर्दनाक फिल्म जैसा था. महज 200 मीटर की दूरी पर रहने वाले तीनों युवकों के घरों से एक साथ अर्थियां उठीं. मृतक ऋषभ तीन भाइयों में सबसे छोटा था. वही सन्नी चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था.जबकि हिमांशु दो भाइयों में बड़ा था और एसबीएसएस कॉलेज में बीए पार्ट-वन का छात्र था. तीनों की एक साथ मौत से पूरा मोहल्ला सदमे में डूब गया.

बेगूसराय सड़क हादसे के हर पहलू की जांच में पुलिस

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है.इस बाबत पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.हादसे के पीछे तेज रफ्तार, गलत मोड़ या अन्य कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी.

Also Read : बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा, दो स्कॉर्पियो की सीधी टक्कर में तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Yuvraj Ratan

पटना जन्मस्थली है मेरी, निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित आधारित पत्रकारिता में विश्वास करता हूं. वर्तमान में मेरा उद्देश्य बिहार के स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और पाठकों तक सत्यापित जानकारी पहुंचाना है. किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले उपलब्ध तथ्यों और स्रोतों का सत्यापन करना मेरी प्राथमिकता है. पाठकों को विश्वसनीय, निष्पक्ष और जनहितकारी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हूं.

प्राथमिक शिक्षा संत जेवियर्स हाई स्कूल, पटना से पूरी करने के बाद संत जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नॉलजी से बैचलर्स ऑफ मास कम्यूनिकेशन से स्नातक किया हूं. 2020 से पटना स्थित मीडिया संस्थान न्यूज 4 नेशन में एंकर सह प्रोड्यूसर के पद पर डेढ़ वर्षों तक काम किया. इसके उपरांत जून 2022 से इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमिटी (I-PAC) में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर रहते हुए डिजिटल कम्यूनिकेशन टीम में कार्य करने का मौका मिला. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के पद पर हूं इसके माध्यम से नागरिकों के पास तथ्यात्मक और सही सूचनाएँ, खबर और अपडेट देने का कार्य कर रहा हूं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >