Begusarai News : बेगूसराय जिले के मंझौल बस स्टैंड के सामने स्टेट हाइवे 55 पर बसों की अवैध पार्किंग से रोज जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. बताया जा रहा है अधिकारियों के आदेश के बावजूद स्थिति में सुधार होता नहीं दिख रहा है. जानकारी के अनुसार इस बीच बेगूसराय एसपी मनीष के स्पष्ट आदेशों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है. मंगलवार को भी बस स्टैंड के सामने स्टेट हाइवे 55 पर बेरोकटोक बसों का संचालन जारी रहा.
SP के आदेश के बावजूद नहीं रुकी अवैध बस पार्किंग
जिससे सड़क पर लोगों को भारी फजीहतों का सामना करना पड़ा. तथा लंबा जाम के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा कर रह गई. विदित हो कि कुछ माह पूर्व ही बेगूसराय एसपी मनीष ने मंझौल थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में निर्देश दिए थे कि बस स्टैंड के होते हुए भी बसों को स्टेट हाइवे 55 पर खड़ा करना गैरकानूनी है. उन्होंने ऐसी बसों का लगातार चालान काटने का आदेश दिया था. आदेश के बाद भी हालात नहीं बदले.
महज 200 मीटर दूर थाना और अनुमंडल मुख्यालय
शायद ही कोई दिन ऐसा जाता हो, जब सड़क पर खड़ी बसों से जाम न लगी हो. स्कूल बसें और एंबुलेंस जैसी आवश्यक सेवाएं भी अक्सर इस जाम में फंस जाती हैं. अनुमंडल मुख्यालय एवं मंझौल थाना से महज दो सौ मीटर दूरी पर अवस्थित बस स्टैंड का हाल बहुत बुरा है. जबकि इस ओर से बेजार जिम्मेदार अधिकारी कुंभकर्णी निद्रा में सोए हुए हैं. जिससे आम लोगों में स्थानीय शासन प्रशासन के प्रति नाराजगी दिख रही है.
बस स्टैंड में अवैध बाजार लगाने का आरोप
लोगों का कहना है कि बस स्टैंड में सब्जी मंडी एवं फल बाजार लगाकर अवैध उगाही का खेल चल रहा है. जबकि आम जनता और राहगीर सड़क पर जाम की स्थिति से निपटने में विवश दिख रहे हैं. स्थानीय धीरज साहनी, अमित साहनी, राकेश सिंह, अमन ईश्वर, संजय सिंह सहित दर्जनों लोगों ने स्थानीय प्रशासन से तुरंत संज्ञान लेने की मांग की है. ताकि स्टेट हाइवे 55 पर लोग सुरक्षित रूप यातायात को जारी रख सकें.
Also Read : गया-रफीगंज रेलखंड पर सात ट्रैकमैन निलंबित, रेलवे का सख्त एक्शन, जांच शुरू
