-शिवलिंग से पीतल का नाग, त्रिशूल, अरघा, दीपक, घंटी भी चुराया-राधे-कृष्ण मंदिर से कलश व कथावाचक का बर्तन से भरी बोरी भी गायब कटोरिया. कटोरिया-बांका मुख्य मार्ग पर कठौन गांव स्थित प्रसिद्ध शिवमंदिर में बुधवार-गुरूवार की मध्य रात्रि अज्ञात चोरों ने खूब तांडव मचाया है. चोरों की टीम ने मंदिर परिसर में रखा दानपेटी को तोड़कर दान की हजारों रुपये भी उड़ा लिया. शिवलिंग पर रखा पीतल निर्मित नाग, अरघा, त्रिशूल, दीपक, घंटी भी चुरा लिए. नवनिर्मित राधे-कृष्ण मंदिर के उपर से लगभग आठ किलो भारी पीतल निर्मित कलश की भी चोरी कर ली. भंडार कक्ष के उपर लगे चदरा को कटर मशीन से काटकर अंदर रखा भागवत कथावाचक संजय व्यास जी महाराज का कांसा के बर्तन व इंडक्शन चूल्हा से भरी बोरी भी चोरों ने चुरा ली. इस घटना में लगभग पचास हजार रुपये से भी अधिक की संपत्ति की चोरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है. चोरों ने मंदिर परिसर में लगे पंखा, साउंड सिस्टम व सीसीटीवी के तार भी काट दी है. नल-जल के सप्लाई पाईप को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है. कठौन शिवमंदिर में छह माह बाद ही दुबारा घटित चोरी की घटना से स्थानीय श्रद्धालु व ग्रामीण काफी आहत हैं. बीते रात्रि चोरी की घटित वारदात के संबंध में मंदिर कमेटी के अशोक चौधरी ने कटोरिया थाना में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराकर पुलिस से मामले की जांच व उचित कार्रवाई की मांग की है. इस मौके पर मंदिर कमेटी के महेश चौधरी, विकास महतो, कृष्ण कुमार त्रिमूर्ति, सीताराम यादव, निरंजन कुमार साह, चरण पंकज, प्रकाश यादव, बटन साह, अनिल यादव, सीताराम कुमार यादव, रंजन साह, मिथुन कुमार आदि मौजूद थे. विदित हो कि गत 25 अगस्त 2024 को भी अज्ञात चोरों ने कठौन शिव मंदिर के दान पेटी को तोड़कर दान की राशि की चोरी कर ली थी. आशंका व्यक्त की जा रही है कि किसी नशेड़ी या असामाजिक तत्वों द्वारा ही ऐसी करतूत की गयी है. चूंकि शाम ढलने के बाद मंदिर के पीछे सुनसान जगह पर नशेड़ियों का जमावड़ा भी लगा रहता है. शिव मंदिर कमेटी ने कटोरिया पुलिस से चोरी कांड की जांच व उचित कार्रवाई की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
