Liquor Seizure: बौंसी (बांका). बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित भलजोर अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर शनिवार सुबह उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी ट्रक से 3,546 लीटर विदेशी शराब बरामद की. अधिकारियों ने शराब से लदे ट्रक को जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया. मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है.
गुप्त सूचना पर सघन जांच में मिली सफलता
उत्पाद विभाग के अनुसार शनिवार सुबह करीब छह बजे गुप्त सूचना मिलने के बाद भलजोर चेकपोस्ट पर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई. इसी दौरान एक संदिग्ध मिनी ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें सुनियोजित तरीके से छिपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद हुई.
394 कार्टून में मिली 3,546 लीटर विदेशी शराब
तलाशी के दौरान ट्रक से कुल 394 कार्टून विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 3,546 लीटर आंकी गई है. अधिकारियों ने ट्रक को जब्त कर लिया है. वाहन के पंजीकरण और अन्य दस्तावेजों के आधार पर फरार चालक की पहचान की जा रही है.
गोविंदपुर से भागलपुर पहुंचाई जानी थी खेप
उत्पाद अधीक्षक रवींद्र कुमार सिंह ने बताया कि शराब की खेप झारखंड के धनबाद स्थित गोविंदपुर क्षेत्र से लाई जा रही थी. इसे बिहार के भागलपुर में ऊंची कीमत पर खपाने की योजना थी. पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से जांच कर रही है.
श्रावणी मेला को लेकर सीमा पर बढ़ी चौकसी
Liquor Seizure: उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि श्रावणी मेला को देखते हुए बिहार-झारखंड सीमा पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है. सीमावर्ती चेकपोस्टों पर लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. भलजोर चेकपोस्ट पर हुई यह कार्रवाई जिले में हाल के दिनों की सबसे बड़ी शराब बरामदगी में शामिल है.
और पढ़ें: पति के रहते देवर से विवाह का दावा, महिला ने लगाया बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का आरोप
