Aurangabad News : स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अनुग्रह नारायण सिंह नगर भवन, टाउन हॉल में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कला एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों ने देशभक्ति गीत, संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं. कलाकारों की प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर कर दिया.
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन उपेंद्र पंडित, अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह एवं अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इससे पूर्व अतिथियों का स्वागत और अभिनंदन किया गया. इस दौरान स्वतंत्रता दिवस के महत्व और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से राष्ट्रभक्ति तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प को रेखांकित किया गया.
देशभक्ति गीतों और नृत्य से गूंजा सभागार
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों और सांस्कृतिक संस्थानों के कलाकारों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं. अम्रपाली प्रशिक्षण संस्थान के कलाकारों ने अपनी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं. वहीं, डीएवी दानीबिगहा के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत और नृत्य ने पूरे सभागार को राष्ट्रप्रेम की भावना से भर दिया. दानिका संगीत महाविद्यालय, सृजन कला केंद्र और अन्य विद्यालयों तथा सांस्कृतिक संस्थानों के कलाकारों ने भी देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश कीं.
प्रस्तुतियों में दिखी भारत की सांस्कृतिक विविधता और एकता
कलाकारों की प्रस्तुतियों में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविधता में एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना की शानदार झलक देखने को मिली. देशभक्ति की धुनों और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों के भीतर राष्ट्रप्रेम का जोश भर दिया. दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का तालियों से उत्साहवर्धन किया. ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और भी यादगार बना दिया.
कई पदाधिकारी और कर्मी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, वरीय उपसमाहर्ता रितेश यादव, वरीय उपसमाहर्ता बेबी प्रिया, जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे.
