औरंगाबाद में फर्जी विमुक्ति आदेश से जब्त हाइवा छुड़ाने का खुलासा, वाहन मालिक गिरफ्तार

Aurangabad News : कुटुंबा थाना क्षेत्र में फर्जी विमुक्ति आदेश के जरिए खनन विभाग द्वारा जब्त हाइवा को छुड़ाने वाले वाहन मालिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Aurangabad News : अंबा. कुटुंबा थाना क्षेत्र में खनन विभाग द्वारा जब्त 18 चक्का हाइवा को फर्जी विमुक्ति आदेश के सहारे छुड़ाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने हाइवा के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के गोसाईडीह निवासी रवि कुमार यादव के रूप में हुई है. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एनएच किनारे स्थित एक होटल के पास से हाइवा भी बरामद कर लिया है.

खनन विभाग ने छह जुलाई को जब्त किया था हाइवा

पुलिस के अनुसार, छह जुलाई को खनन निरीक्षक ने कुटुंबा थाना क्षेत्र के छक्कनबाग से हाइवा को जब्त कर थाने के हवाले किया था. इसके बाद सात अगस्त को वाहन मालिक रवि कुमार यादव गांव के पहचानकर्ता अजय यादव के साथ खनन कार्यालय से जारी विमुक्ति आदेश लेकर थाना पहुंचा. प्रस्तुत आदेश के आधार पर पुलिस ने हाइवा को मुक्त कर दिया.

सत्यापन में फर्जी निकला विमुक्ति आदेश

मामले में उस समय नया मोड़ आया, जब 13 अगस्त को पुलिस को विमुक्ति आदेश फर्जी होने की सूचना मिली. इसके बाद खनन कार्यालय से आदेश का सत्यापन कराया गया. जांच में विमुक्ति आदेश फर्जी होने की पुष्टि हुई. इसके बाद वाहन मालिक रवि कुमार यादव और पहचानकर्ता अजय यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई.

विशेष टीम ने वाहन मालिक को किया गिरफ्तार

मामले के उद्भेदन के लिए गठित विशेष टीम ने गुरुवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बाईपास के समीप छापेमारी कर वाहन मालिक रवि कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उससे पूछताछ की. इसके बाद उसकी निशानदेही पर एनएच किनारे एक होटल के पास से खनन विभाग द्वारा जब्त हाइवा बरामद कर लिया गया.

Also Read :

दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल दूसरे आरोपित अजय यादव की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस फर्जी विमुक्ति आदेश तैयार करने से लेकर उसके आधार पर जब्त वाहन को छुड़ाने की पूरी प्रक्रिया की जांच कर रही है.

न्यायिक हिरासत में भेजा गया गिरफ्तार आरोपित

थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित रवि कुमार यादव को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और फर्जी विमुक्ति आदेश तैयार करने में शामिल लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है.

Also Read : बेगूसराय में पांच दिन से लापता आठ वर्षीय बच्चे का गड्ढे में मिला शव, गांव में मची सनसनी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंबुज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >