Aurangabad News : बिजली उपभोक्ताओं की विद्युत विपत्र संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विद्युत विभाग की ओर से विशेष विपत्र सुधार शिविर का आयोजन किया जा रहा है. यह शिविर 17 से 22 अगस्त तक विद्युत आपूर्ति प्रमंडल कार्यालय, दाउदनगर और विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल कार्यालयों में आयोजित होगा. शिविर की शुरुआत सोमवार से होगी. विभाग ने सभी बिजली उपभोक्ताओं से शिविर में पहुंचकर अपने विद्युत विपत्र से संबंधित शिकायतों का समाधान कराने की अपील की है.
बड़ी संख्या में मिल रही हैं बिजली बिल में त्रुटि की शिकायतें
विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, दाउदनगर के कार्यपालक अभियंता मो. मुख्तार आलम ने बताया कि उपभोक्ताओं की ओर से विद्युत विपत्र में त्रुटियों के निराकरण के लिए बड़ी संख्या में आवेदन और शिकायतें प्राप्त हो रही हैं. सहयोग शिविरों के दौरान भी इस तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं. उपभोक्ताओं की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर प्रभावी, त्वरित और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभागीय निर्देश के तहत विशेष विपत्र सुधार शिविर आयोजित किया जा रहा है.
मीटर रीडिंग, गलत बिल और बकाया राशि से जुड़ी समस्याओं का होगा समाधान
विशेष शिविर में मीटर रीडिंग में गड़बड़ी, गलत औसत विद्युत विपत्र, बकाया राशि में विसंगति और बिजली बिल से जुड़ी अन्य समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाएगा. विभाग का प्रयास है कि उपभोक्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें और उनकी शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही समाधान किया जा सके.
जिन मामलों का तत्काल समाधान नहीं होगा, उनका तय समय सीमा में होगा निष्पादन
जिन मामलों का तत्काल निराकरण शिविर स्थल पर संभव नहीं होगा, उन्हें संबंधित पदाधिकारी के स्तर पर स्पष्ट रूप से चिह्नित करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादित कराया जाएगा. कार्यपालक अभियंता ने सभी संबंधित कनीय विद्युत अभियंताओं को शिविर में प्राप्त विपत्र सुधार संबंधी आवेदनों पर आवश्यक निरीक्षण और जांच प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है, ताकि सुधार की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो.
अधिक से अधिक उपभोक्ताओं से शिविर का लाभ उठाने की अपील
कार्यपालक अभियंता मो. मुख्तार आलम ने अधिक से अधिक बिजली उपभोक्ताओं से विशेष विपत्र सुधार शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य उपभोक्ताओं की बिजली बिल संबंधी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है.
Also Read : बेगूसराय में NH-31 पर दर्दनाक हादसा, चारा लाने निकले 55 वर्षीय व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने कुचला; मौके पर मौत
