Aurangabad News : बिहार परिमंडल की मुख्य डाक महाध्यक्ष शशि शालिनी कुजूर ने अरवल एवं औरंगाबाद जिले के विभिन्न शाखा डाकघरों का भ्रमण कर वहां उपलब्ध डाक एवं वित्तीय सेवाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
शाखा डाकघरों में उपलब्ध सेवाओं की ली जानकारी
मुख्य डाक महाध्यक्ष ने वलिदाद (बैदराबाद), अगनूर एवं संसा (दाउदनगर) शाखा डाकघरों का निरीक्षण किया. उन्होंने डाकघरों में उपलब्ध विभिन्न सेवाओं, उनके संचालन तथा ग्रामीणों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक लोगों तक डाक विभाग की सेवाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएं.
45 शाखा डाकघरों के डाकपालों के साथ की समीक्षा
निरीक्षण के बाद संसा पंचायत सरकार भवन में औरंगाबाद प्रमंडल के 45 शाखा डाकघरों के शाखा डाकपालों एवं सहायक शाखा डाकपालों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में सभी शाखा डाकघरों के एक्सपेंडिचर कवरेज रेशियो (ईसीआर) की समीक्षा एवं मूल्यांकन किया गया.
Also Read : औरंगाबाद में बैंक ऑफ इंडिया की पांचवीं शाखा का शुभारंभ, स्थानीय लोगों को मिलेगी बेहतर बैंकिंग सुविधा
डाक जीवन बीमा और बचत योजनाओं का बढ़ाएं दायरा
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य डाक महाध्यक्ष ने डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया. उन्होंने डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा तथा विभिन्न बचत योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को डाकघर की सेवाओं से जोड़ने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि शाखा डाकघर ग्रामीण क्षेत्रों में विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं. ऐसे में आम लोगों तक बेहतर सेवा पहुंचाना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए.
प्राप्ति के दिन ही शत-प्रतिशत डाक का हो वितरण
मुख्य डाक महाध्यक्ष ने डाक वस्तुओं के समयबद्ध वितरण पर भी विशेष जोर दिया. उन्होंने निर्देश दिया कि डाकघरों में प्राप्त होने वाली शत-प्रतिशत डाक वस्तुओं का वितरण उसी दिन सुनिश्चित किया जाए. इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को समय पर जरूरी पत्र एवं अन्य डाक सामग्री उपलब्ध हो सकेगी.
Also Read : औरंगाबाद: दाउदनगर अस्पताल को पहली बार मिला ऑर्थोपेडिक सर्जन, हादसे के मरीजों को राहत, फिर भी 18 पद खाली
ईसीआर में निरंतर सुधार लाने पर जोर
औरंगाबाद डाक अधीक्षक प्रिय रंजन ने मुख्य डाक महाध्यक्ष द्वारा दिए गए मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया. उन्होंने सभी शाखा डाकपालों एवं सहायक शाखा डाकपालों को निर्देशों का प्रभावी ढंग से अनुपालन करने तथा अपने-अपने शाखा डाकघरों की सेवाओं का विस्तार करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कार्यालयों के ईसीआर में निरंतर सुधार लाने पर भी जोर दिया.
अधिकारी और कर्मी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में सहायक डाक अधीक्षक, अरवल मनोज कुमार, डाक निरीक्षक (ग्राहक संतुष्टि) रमन राज, डाक निरीक्षक दाउदनगर सतीश कुमार, डाक निरीक्षक औरंगाबाद पश्चिमी मिथिलेश कुमार तथा डाक निरीक्षक औरंगाबाद पूर्वी अनुमंडल ओम प्रकाश गोंड समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
Also Read : औरंगाबाद में धान की सोहनी कर रहे किसानों पर वज्रपात, एक की मौत; चार झुलसे
