भोजपुर जिले में कोईलवर के सकड्डी चेक पोस्ट के पास गुरुवार को अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर ले जा रही खनन विभाग की टीम पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया. लाठी-डंडे से लैस करीब आधा दर्जन लोगों ने खनन टीम को घेर लिया और जब्त ट्रैक्टर को छुड़ाने का प्रयास किया. इस दौरान हमलावरों ने खनन विभाग के वाहन का शीशा तोड़ दिया. घटना में एक सैप जवान को हल्की चोट भी लगी है.
ट्रैक्टर जब्त कर यार्ड ले जा रही थी टीम
खान निरीक्षक राज गौरव ने बताया कि खान निरीक्षक राहुल कुमार सैप जवानों के साथ सकड्डी मोड़ के समीप अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर यार्ड में जमा कराने के लिए ले जा रहे थे.
लाठी-डंडे से लैस माफियाओं का घेराव
इसी दौरान सकड्डी चेक पोस्ट के पास लाठी-डंडे से लैस बालू माफियाओं ने खनन टीम को घेर लिया. आरोपितों ने टीम को डराने-धमकाने के साथ जब्त ट्रैक्टर को छुड़ाने का प्रयास किया. इसी बीच ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर कोईलवर की ओर भागने लगा. खनन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर का पीछा किया और मनभावन मोड़ के समीप उसे पकड़ लिया.
इसके बाद ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया और उस पर लदा अवैध बालू यार्ड में जमा कराया गया. हालांकि, ट्रैक्टर चालक मौके से फरार होने में सफल रहा.
सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की पहचान
खान निरीक्षक ने बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए सकड्डी टोल प्लाजा समेत हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई
फुटेज के आधार पर हमलावरों को चिह्नित कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जायेगी.
