आरा में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही: सदर अस्पताल में 9 दिनों से सेवा ठप, मरीजों की बढ़ी मुश्किले

Arrah News: भोजपुर के आरा सदर अस्पताल में पिछले कई दिनों से एक्स-रे सेवा ठप है. जिससे मरीजों को बाहर महंगे दाम पर जांच करानी पड़ रही है.

Arrah News: (नरेन्द्र प्रसाद सिंह) भोजपुर जिले के आरा स्थित मॉडल सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की हकीकत सामने आ रही है. अस्पताल में पिछले 4 जून से एक्स-रे सेवा पूरी तरह बंद पड़ी है, जिससे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. एक्स-रे सेवा बंद होने के कारण मरीजों को मजबूरी में निजी केंद्रों पर जाकर जांच करानी पड़ रही है. इससे उन्हें अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है, खासकर गरीब मरीजों के लिए यह स्थिति और भी कठिन हो गई है.

मरीजों की बढ़ी परेशानी

अस्पताल में एक्स-रे सुविधा उपलब्ध नहीं होने से मरीजों को इलाज में देरी का सामना करना पड़ रहा है. बाहर जांच कराने में अधिक पैसे खर्च हो रहे हैं और कई मरीजों को निजी केंद्रों की रिपोर्ट पर भरोसा भी नहीं हो पा रहा है.

सरकारी सुविधा का नहीं मिल रहा लाभ

सरकार द्वारा अस्पताल में एक्स-रे प्लांट लगाया गया है ताकि मरीजों को एक ही परिसर में सभी सुविधाएं मिल सकें. इसके बावजूद सेवा बंद रहने से मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है. लगभग 9 दिनों से सेवा ठप रहने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.

तकनीकी खराबी बताई गई वजह

एक्स-रे प्लांट का संचालन करने वाली एजेंसी अनिकरा फाउंडेशन (पाटलिपुत्र कॉलोनी, पटना) ने अस्पताल प्रशासन को सूचना दी है कि तकनीकी खराबी के कारण सेवा बाधित है. एजेंसी के अनुसार, तकनीकी सहायक की मदद से खराबी को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही सेवा बहाल की जाएगी.

लोगों ने जताई नाराजगी

स्थानीय लोगों का आरोप है कि एक्स-रे सेवा जानबूझकर शुरू नहीं की जा रही है, जिससे बाहर के निजी केंद्रों को फायदा मिल रहा है. लोगों का कहना है कि छोटी तकनीकी खराबी को ठीक करने में इतना लंबा समय लगना लापरवाही को दर्शाता है. उन्होंने जल्द से जल्द सेवा बहाल करने की मांग की है.

Also Read: कैमूर में अवैध बालू खनन पर बड़ी कार्रवाई, दो ट्रैक्टर और जेसीबी जब्त, प्राथमिकी दर्ज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >