रानीगंज थानाध्यक्ष पर होमगार्ड जवान से मारपीट का आरोप, एसपी ने गठित की जांच टीम, SHO बोले- स्मैक बेचने की मिल रही थी शिकायत

अररिया के रानीगंज में होमगार्ड जवान ने SHO पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है. इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की है. SHO ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें अंचल परिसर में स्मैक की गतिविधियों की सूचना मिली थी.

Araria News: अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र से पुलिस और गृह रक्षक विभाग से जुड़ा एक विवाद सामने आया है. अंचल कार्यालय परिसर में ड्यूटी कर रहे एक होमगार्ड जवान ने रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पर मारपीट का आरोप लगाया है. घटना के बाद बिहार रक्षा वाहिनी स्वयं सेवक संघ ने पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार को आवेदन देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है. दूसरी ओर थानाध्यक्ष ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें अंचल परिसर में स्मैक की गतिविधियों की सूचना मिली थी और जांच के दौरान जवान की ओर से धक्का-मुक्की हुई.

पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच टीम गठित कर दी है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.

संघ ने एसपी को सौंपा शिकायत पत्र

बिहार रक्षा वाहिनी स्वयं सेवक संघ, जिला अररिया ने जिलाध्यक्ष अभय झा उर्फ बबलू के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र सौंपा.

संघ ने आरोप लगाया कि रानीगंज थानाध्यक्ष का व्यवहार अनुचित था और भविष्य में किसी भी गृह रक्षक जवान के साथ ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए.

घायल जवान का आरोप

सदर अस्पताल में इलाजरत गृह रक्षक चंदन कुमार साह ने बताया कि घटना 4 अगस्त की शाम लगभग चार बजे की है.

उनके अनुसार वे नाश्ता कर अंचल कार्यालय लौट रहे थे, तभी थानाध्यक्ष ने ड्यूटी को लेकर पूछताछ की. चंदन का कहना है कि उन्होंने बताया कि उनकी ड्यूटी अंचल सीओ कार्यालय में है.

उनका आरोप है कि इसके बाद पहले बाहर और फिर गार्ड रूम में ले जाकर थप्पड़, धक्का और लात-जूतों से मारपीट की गई. उन्होंने कहा कि सिर पर कई मुक्के लगने से वे बेहोश हो गए और अब उन्हें दाहिने कान से सुनने में परेशानी हो रही है.

थानाध्यक्ष ने आरोपों से किया इनकार

रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने मारपीट के आरोपों को अस्वीकार किया है.

उन्होंने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि अंचल कार्यालय परिसर में कुछ लोग स्मैक पी रहे हैं. इसी सूचना के आधार पर वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.

थानाध्यक्ष के अनुसार गार्ड रूम में संतरी मौजूद नहीं था और मुख्य गेट भी खुला था, जबकि परिसर में हथियार रखे जाते हैं और पहले भी वहां से बाइक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं.

उन्होंने आरोप लगाया कि पूछताछ के दौरान होमगार्ड जवान चंदन कुमार साह ने धक्का-मुक्की की, जिसके बाद विवाद बढ़ा.

एसपी ने गठित की जांच टीम

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और संघ की ओर से आवेदन भी प्राप्त हुआ है.

उन्होंने बताया कि जांच टीम का गठन कर दिया गया है और दोनों पक्षों के बयान तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी.

Araria News: पहले भी उठ चुके हैं सवाल

स्थानीय लोगों के अनुसार अंचल कार्यालय परिसर को लेकर पहले भी स्मैक सेवन और चोरी की शिकायतें सामने आती रही हैं.

ऐसे में यह विवाद केवल मारपीट के आरोप तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था और परिसर की निगरानी पर भी सवाल खड़े कर रहा है.

Also Read: बांकीपुर में हार के बाद BJP में मंथन शुरू, CM सम्राट चौधरी अचानक पहुंचे प्रदेश कार्यालय, बंद कमरे में चल रही है बैठक

Also Read: मनोज तिवारी फ्रॉड आदमी हैं', विधायक बनने के बाद प्रशांत किशोर का चैलेंज- हिम्मत है तो भरत तिवारी के परिवार को न्याय दिलाकर दिखाएं


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राहुल सिंह

राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >