कुर्साकांटा : सावन की अंतिम सोमवारी पर ऐतिहासिक शिव मंदिर सुंदरनाथ धाम में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुंदरी मठ न्यास समिति ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के जलाभिषेक कराने के लिए पुरुष और महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग की गई है.
शिव गंगा के जीर्णोद्धार के कारण जलाभिषेक के लिए नल से जल की व्यवस्था की गई है. सुरक्षा को लेकर कुर्साकांटा, कुआड़ी और सोनामनी गोदाम थाना पुलिस के साथ एसएसबी जवान और स्काउट एंड गाइड की तैनाती रहेगी. असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी.
न्यास समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और खोया-पाया केंद्र की भी व्यवस्था की गई है. समिति के सदस्य अंतिम सोमवारी की व्यवस्था को सुचारु बनाने में जुटे हुए हैं.
