नरपतगंज (अररिया). भारत-नेपाल सीमा से सटे घुरना थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव के पास एसएसबी 56 वीं बटालियन की घुरना बीओपी व कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने यूरिया तस्करी के प्रयास को नाकाम कर दिया. गश्त के दौरान एक मिनी ट्रक से 78 बोरी भारतीय यूरिया खाद बरामद कर उसे जब्त किया गया. मौके से चालक को गिरफ्तार किया गया. ट्रक में सवार दूसरा तस्कर भाग निकला. एसएसबी घुरना बीओपी के सहायक सेनानायक आशीष कुमार गुप्ता के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई.
भारतीय यूरिया नेपाल में तस्करी के लिए ले जायी जा रही थी
गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग भारतीय यूरिया को नेपाल में तस्करी के लिए ले जा रहे हैं. घेराबंदी कर वाहन को पकड़ा गया. गिरफ्तार चालक की पहचान रामपुर मानुलहपट्टी वार्ड संख्या 07 निवासी मंजीत कुमार शर्मा पिता भगवानी शर्मा के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में पता चला कि यूरिया अररिया व सुपौल से मंगवाकर घुरना के किसी खाद माफिया द्वारा नेपाल भेजी जा रही थी. सीमा क्षेत्र में यूरिया तस्करी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं.
जब्त यूरिया, ट्रक व गिरफ्तार चालक घुरना पुलिस के हवाले
जब्त यूरिया, ट्रक व गिरफ्तार चालक को घुरना पुलिस के हवाले कर दिया गया है. बरामद सामान की कुल कीमत करीब 05 लाख रुपये आंकी गई है. घुरना थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. फरार तस्कर व मिनी ट्रक के मालिक को भी नामजद कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
