Ravindra Jadeja : भारत ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में 165 रन से जीत दर्ज कर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. इस जीत के बाद भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के लिए यह मुकाबला सिर्फ एक और जीत नहीं रहा, बल्कि इस मैदान से जुड़ी करीब नौ साल पुरानी यादें भी ताजा हो गईं.
उसी मैदान पर फिर जीत
भारत की जीत के बाद बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें रवींद्र जडेजा गॉल मैदान से जुड़ी अपनी पुरानी यादों को साझा करते नजर आए. जडेजा ने 2017 के दौरे की तस्वीर को याद करते हुए बताया कि तस्वीर में नजर आ रहा स्टैंड वही है, बस समय के साथ उसका रंग बदल गया है.
जडेजा ने कहा कि यह तस्वीर 2017 में गॉल में खेले गए टेस्ट की है. उस समय भी भारतीय टीम ने इस मैदान पर शानदार जीत हासिल की थी और अब नौ साल बाद एक बार फिर भारत ने गॉल में जीत का स्वाद चखा है.
2017 में भी श्रीलंका को दी थी बड़ी शिकस्त
2017 के गॉल टेस्ट में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 304 रन से हराया था. उस मुकाबले में शिखर धवन ने 190 रन की शानदार पारी खेली थी, जबकि चेतेश्वर पुजारा ने 153 रन बनाए थे. विराट कोहली ने दूसरी पारी में शतक जड़ते हुए 103 रन बनाए थे. बॉलिंग में रवींद्र जडेजा ने भी अहम भूमिका निभाई थी और मैच में छह विकेट अपने नाम किए थे. भारत ने उस दौरे पर श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज 3-0 से अपने नाम की थी.
एक दशक से टीम इंडिया का हिस्सा
जडेजा ने भारतीय टीम के लिए लंबे समय तक खेलने को अपने लिए खास उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी के लिए इतने लंबे समय तक टीम में बने रहना आसान नहीं होता और इसके लिए लगातार मेहनत करनी पड़ती है. जडेजा ने कहा कि वह खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि एक दशक से ज्यादा समय से भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और आज भी टीम के लिए योगदान देने का मौका मिल रहा है.
गॉल टेस्ट में भी जडेजा का योगदान
श्रीलंका के खिलाफ मौजूदा गॉल टेस्ट में जडेजा ने दोनों पारियों में कुल चार विकेट हासिल किए. हालांकि इस मुकाबले में भारत की जीत के सबसे बड़े नायकों में स्पिनर मानव सुथार और बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल रहे. वहीं मानव सुथार ने मैच में कुल 10 विकेट झटके, जबकि देवदत्त पडिक्कल ने पहली पारी में 167 रन की शानदार पारी खेली. इन प्रदर्शन के दम पर भारत ने श्रीलंका को 165 रन से हराकर सीरीज में बढ़त हासिल की.
23 अगस्त से दूसरा टेस्ट
गॉल में जीत के बाद अब दोनों टीमों की नजरें सीरीज के दूसरे और आखिरी टेस्ट पर हैं. भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से खेला जाएगा. टीम इंडिया की कोशिश होगी कि इस मुकाबले में जीत दर्ज कर सीरीज पर 2-0 से कब्जा किया जाए.
Also Read: पिता के निधन के बाद मेसी ने दागा पहला गोल, भावुक नजर आए अर्जेंटीना के स्टार
