Highlights
Rishabh Pant, LSG vs DC: आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स की भिडंत हो रही है. इस मैच में लखनऊ की टीम ने एक बड़ा बदलाव करते हुए ऋषभ पंत को ओपनिंग के लिए मैदान पर उतारा. फैंस को पंत से एक तूफानी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह बेहद अनलकी रहे. पंत केवल 7 रन के निजी स्कोर पर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट का शिकार हो गए. इस विकेट में उनकी कोई गलती नहीं थी. मैच के शुरुआती 10 ओवर में लखनऊ की टीम बैकफुट पर नजर आई. टीम ने 80 रन के स्कोर पर अपने 5 अहम विकेट गंवा दिए.
दुर्भाग्यपूर्ण रहा पंत का रन आउट होना
ऋषभ पंत को दिल्ली कैपिटल्स के किसी भी गेंदबाज ने अपनी गेंद पर आउट नहीं किया. तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर यह घटना घटी. दिल्ली के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार गेंदबाजी कर रहे थे. स्ट्राइक पर मौजूद मिचेल मार्श ने मुकेश की गेंद पर सामने की तरफ एक जोरदार शॉट खेला. गेंदबाज मुकेश कुमार ने गेंद को कैच करने का प्रयास किया.
हालांकि वह कैच तो नहीं लपक पाए, लेकिन गेंद उनके हाथ से टकराकर सीधे नॉन-स्ट्राइकर एंड के विकेट पर जा लगी. उस समय ऋषभ पंत क्रीज से काफी आगे निकल चुके थे. पंत के पास वापस अपनी क्रीज में लौटने का बिल्कुल भी समय नहीं था. इसी वजह से उन्हें रन आउट होकर पवेलियन लौटना पड़ा.
9 गेंदों की पारी में जड़ा एक चौका
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए पहली बार पारी की शुरुआत करने आए ऋषभ पंत का बल्ला इस मैच में खामोश ही रहा. उन्होंने आउट होने से पहले कुल 9 गेंदों का सामना किया और मात्र 7 रन बनाए. अपनी पारी की शुरुआत में पंत ने अच्छे संकेत दिए थे. अपनी दूसरी ही गेंद पर उन्होंने स्ट्रेट ड्राइव खेलते हुए एक शानदार चौका जड़ा था. लेकिन इसके बाद अगली 7 गेंदों पर वह सिर्फ तीन रन ही जोड़ पाए. अनलकी रन आउट होने की वजह से उनकी यह पारी जल्द ही समाप्त हो गई और वह बड़ी पारी खेलने से चूक गए.
लखनऊ का ओपनिंग बदलने का दांव फेल
लखनऊ की टीम ने इस मैच में अपने सबसे सफल ओपनर को हटाकर पंत को मौका दिया था. पिछले आईपीएल सीजन में एडेन मार्करम ने टीम के लिए ओपनिंग करते हुए शानदार खेल दिखाया था. मार्करम ने 13 मैचों में 445 रन बनाए थे. इसके अलावा टी20 विश्व कप 2026 में भी मार्करम का बल्ला जमकर बोला था, जहां उन्होंने 8 मैचों में 286 रन बनाए थे. इतने शानदार रिकॉर्ड के बाद भी लखनऊ मैनेजमेंट ने मार्करम की जगह पंत से ओपनिंग कराई. नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे मार्करम इस मैच में पूरी तरह फ्लॉप रहे और केवल 11 रन बनाकर आउट हो गए.
10 ओवर में 80 रन पर गिरे 5 विकेट
दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों के सामने लखनऊ सुपर जायंट्स का टॉप ऑर्डर बुरी तरह से बिखर गया. शुरुआती 10 ओवर का खेल खत्म होने तक लखनऊ की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी. स्कोरबोर्ड पर केवल 80 रन टंगे थे. मार्करम और पंत के विकेट गिरने के बाद मध्यक्रम भी कुछ खास नहीं कर सका. आयुष बडोनी बिना कोई रन बनाए अपना खाता भी नहीं खोल सके.
वहीं निकोलस पूरन भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए. ओपनिंग करने आए मिचेल मार्श ने एक छोर संभाले रखा. मार्श ने 28 गेंदों का सामना करते हुए सबसे ज्यादा 35 रन बनाए. अपनी इस पारी में मार्श ने दो चौके और तीन छक्के भी लगाए.
ये भी पढ़ें-
बस हो गया… डीपीएल की दुश्मनी IPL में खत्म, पंत ने नीतीश राणा और दिगवेश राठी को मिलाया
मैं सिर्फ पानी पिलाने वाला… टीम इंडिया में वापसी पर मोहम्मद शमी का छलका दर्द
LSG vs DC: दिल्ली ने जीता टॉस, लखनऊ की बैटिंग, जानें प्लेइंग 11 में किसे मिला मौका
