रसेल के रिप्लेसमेंट ग्रीन पर अश्विन ने उठाए सवाल, बोले- KKR को पैसा काटने का हक

R Ashwin on Cameron Green: आईपीएल 2026 ऑक्शन में केकेआर ने कैमरून ग्रीन को 25.20 करोड़ में खरीदा है. आर अश्विन ने ग्रीन की फिटनेस और बॉलिंग पर सवाल उठाते हुए बड़ा बयान दिया है. अश्विन का मानना है कि अगर ग्रीन पूरे चार ओवर गेंदबाजी नहीं करते हैं, तो टीम को उनकी सैलरी से पैसे काटने का अधिकार होना चाहिए.

R Ashwin on Cameron Green: आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले हुए मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बड़ा कदम उठाया है. टीम ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत देकर अपनी टीम में शामिल किया है. इस बोली के साथ ही ग्रीन इस ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए. केकेआर ने इतनी बड़ी रकम खर्च करके साफ कर दिया है कि उन्हें आगामी सीजन के लिए एक बेहतरीन ऑलराउंडर की जरूरत थी.

आंद्रे रसेल के रिप्लेसमेंट के रूप में शामिल 

आईपीएल 2025 का सीजन खत्म होने के बाद केकेआर के स्टार खिलाड़ी आंद्रे रसेल ने संन्यास ले लिया था. रसेल ने कई सालो तक टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया और मैच विनर साबित हुए. उनके जाने से टीम में एक बड़ी जगह खाली हो गई थी. रसेल की कमी को पूरा करने के लिए ही केकेआर ने कैमरून ग्रीन पर यह बड़ा दांव खेला है. फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि ग्रीन भी रसेल की तरह बल्ले और गेंद दोनों से टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे.

गेंदबाजी और फिटनेस को लेकर बड़ा संशय

कैमरून ग्रीन को लेकर सबसे बड़ी चिंता उनकी मौजूदा फिटनेस है. वह इस समय खराब फॉर्म से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे हैं और चोट से उबरने के बाद मैदान पर वापसी करने वाले हैं. चोट के डर से उन्होंने अपने करियर में अब तक ज्यादा गेंदबाजी नहीं की है. ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या वह केकेआर के लिए हर मैच में पूरे चार ओवर गेंदबाजी कर पाएंगे. टीम मैनेजमेंट यही चाहेगा कि वह बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी पूरा योगदान दें.

आर अश्विन ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पर उठाए सवाल

इस मामले पर भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर आर अश्विन ने हैरानी जताते हुए एक बड़ा सवाल पूछा है. अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल ‘ऐश की बात’ में कहा कि क्या क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ग्रीन को हर आईपीएल मैच में चार ओवर गेंदबाजी करने की अनुमति देगा. ग्रीन का क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के साथ सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट है. उनका बोर्ड साफ तौर पर कह सकता है कि आप चार ओवर नहीं फेंक सकते क्योंकि उनके लिए टेस्ट क्रिकेट ज्यादा महत्वपूर्ण है.

कम ओवर डालने पर सैलरी काटने की सलाह

अश्विन ने फ्रेंचाइजी के पक्ष में एक सीधा सुझाव दिया है. उनका मानना है कि जब कोई खिलाड़ी ऑक्शन में आता है, तो टीम उससे पूरे चार ओवर की उम्मीद करती है. अगर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तरफ से कोई पाबंदी है, तो टीमों को भी सैलरी काटने का अधिकार होना चाहिए. 

अश्विन ने कहा कि अगर कोई खिलाड़ी सिर्फ दो ओवर डालता है, तो उसके 2 करोड़ रुपये कटने चाहिए. उन्होंने शाहरुख खान का उदाहरण देते हुए कहा कि मान लीजिए आपने किसी को 25 करोड़ दिए हैं और वह कहे कि मैं सिर्फ एक ओवर डालूंगा, तो आपको कैसा लगेगा. इसलिए चार ओवर नहीं फेंकने पर पैसे कटने का नियम होना चाहिए.

ये भी पढ़ें-

IPL 2026 में नहीं खेलेंगे ये 15 खिलाड़ी, जानें किस टीम से कौन हुआ बाहर

IPL 2026: KKR को लगा झटका, हर्षित राणा के बाद आकाश दीप भी बाहर

कहां गया उसे ढूंढो! 20 गेंदों में लगाई सेंचुरी, इस भारतीय खिलाड़ी ने मजबूरी में लिया था संन्यास

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >