IPL 2024: एमएस धोनी को आउट करने के बाद हर्षल पटेल ने क्यों नहीं मनाया जश्न, दिया दिल छूने वाला जवाब

IPL 2024: रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के मुकाबले में हजारों फैंस का दिल उस समय टूट गया, जब एमएस धोनी पहली ही गेंद पर बोल्ड हो गए. इस सीजन में यह पहली बार हुआ है.

IPL 2024: रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के मुकाबले में महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) के फैंस को बड़ा झटका लगा. बल्लेबाजी करने आए एमएस धोनी पहली ही गेंद पर बोल्ड हो गए. हर्षल पटेल (Harshal Patel) ने उनका विकेट लिया. हर्षल ने एक शानदार इनस्विंग स्लोवर वन डाली, जिसे माही समझ नहीं पाए और गेंद ऑफ स्टंप को छूते हुए निकल गई. हालांकि हर्षल ने धोनी का विकेट लेने के बाद कोई जश्न नहीं मनाया. पूरा स्टेडियम एकदम शांत हो गया था. कोई शोर नहीं. धोनी ने एक बार पीछे मुड़कर देखा और चुपचाप डगआउट की ओर बढ़ गए. सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 167 रन बनाए. जवाब में पंजाब की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 139 रन ही बना सकी. सीएसके ने मुकाबला 28 रन से जीत लिया.

धोनी का काफी सम्मान करते हैं हर्षल पटेल

मैच के बाद जब हर्षल पटेल से पूछा गया कि उन्होंने एमएस धोनी के विकेट का जश्न क्यों नहीं मनाया. हर्षल का जवाब बेहद शानदार था. उन्होंने कहा कि उनके मन में धोनी के लिए काफी सम्मान है. इसलिए उन्होंने उनके विकेट का जश्न नहीं मनाया. पिच के सवाल पर उन्होंने कहा कि विकेट सूखा था, इसलिए गेंद शुरुआत से ही स्विंग कर रही थी. हर्षल ने अपने चार ओवर के स्पैल में 6.00 की इकॉनमी रेट से 24 रन देकर तीन विकेट चटकाए. हर्षल के अलावा दीपक चाहर ने भी तीन विकेट चटकाए.

धोनी ने रचा इतिहास, IPL में ऐसा करने वाले बने पहले खिलाड़ी

IPL 2024 Points Table: CSK ने पंजाब किंग्स को हराकर लगाई लंबी छलांग, तीसरे नंबर पर किया कब्जा

रवींद्र जडेजा ने किया ऑलराउंड प्रदर्शन

मैच की पहली पारी की बात करें तो पंजाब ने टॉस जीतकर सीएसके को बल्लेबाजी के लिए बुलाया. रवींद्र जडेजा (43 रन), रुतुराज गायकवाड़ (32 रन) और डेरिल मिशेल (30 रन) की शानदार बल्लेबाजी से चेन्नई ने 167/9 का स्कोर पोस्ट किया. सीएसके का बाकी कोई भी बल्लेबाज पंजाब के गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं सका. पंजाब के गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट चटकाए और सीएसके को एक भी बड़ी साझेदारी नहीं करने दी. गायकवाड़ और मिचेल के बीच 47 रनों की साझेदारी हुई.

अंक तालिका में तीसरे नंबर पर पहुंचा CSK

पंजाब के गेंदबाजों ने तो अपनी ओर से कोई भी कोर कसर नहीं छोड़ी, लेकिन बल्लेबाजी में पंजाब फिसड्डी साबित हुआ. पंजाब के बल्लेबाजों ने 168 रन के लक्ष्य को बहुत बड़ा बना दिया. नौ विकेट के नुकसान पर पंजाब केवल 139 रन ही बना सका. सीएसके को इस जीत से बड़ा फायदा हुआ. टीम अंक तालिका में पांचवें नंबर से सीधे तीसरे नंबर पर पहुंच गई है. वहीं पंजाब इस हार के बाद आठवें नंबर पर पहुंच गया है, जहां से वापसी करना उसके लिए उतना आसान नहीं होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >