क्या बारिश बिगाड़ेगी DC vs GT का मैच? जानें पिच और मौसम की रिपोर्ट

DC vs GT: आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच में जिस पिच पर मुकाबला होगा वह कवर्स से ढकी हुई है. इसी कारण से पिच पर नमी है जिससे शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद मिलेगी. एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार मैच के दौरान आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है.

DC vs GT: दिल्ली कैपिटल्स (DC) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच आईपीएल 2026 (IPL 2026) का मुकाबला बुधवार 8 अप्रैल को अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. दिल्ली की टीम ने समीर रिजवी की शानदार बैटिंग की बदौलत अपने शुरुआती दोनों मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में चौथा स्थान हासिल किया है. दिल्ली ने लखनऊ और मुंबई को 6-6 विकेट से हराया है. दूसरी तरफ गुजरात को अपनी पहली जीत का इंतजार है. आईपीएल के इस सीजन में बारिश के कारण पहले ही कोलकाता बनाम पंजाब मैच रद्द हो चुका है और राजस्थान बनाम मुंबई मैच के ओवर कम किए गए थे.

DC vs GT मैच की पिच रिपोर्ट

अरुण जेटली स्टेडियम की पिच नंबर 5 हमेशा से बड़े स्कोर के लिए जानी जाती है. यहां बल्लेबाजों को बैटिंग करना काफी आसान लगता है. लेकिन इस बार पिच के हालात कुछ अलग रहने वाले हैं. पिछले कुछ दिनों से बारिश होने की वजह से पिच को काफी समय तक कवर्स से ढक कर रखा गया है. इससे सतह पर नमी रह सकती है. इस नमी का सीधा फायदा मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मिलेगा.

DC vs GT मैच में टॉस का रोल अहम

पिच पर मौजूद इसी नमी को देखते हुए इस मैच में टॉस का रोल काफी खास हो गया है. शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मिलने वाली मदद के कारण जो भी कप्तान टॉस जीतेगा, वह पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगा. इस मैदान पर लक्ष्य का पीछा करना सबसे सुरक्षित विकल्प माना जा रहा है. दिल्ली के पास लुंगी एनगिडी और टी नटराजन जैसे तेज गेंदबाज हैं, जो अभी फॉर्म में चल रहे हैं, दोनों ही गेंदबाज अब तक टूर्नामेंट में 4-4 विकेट ले चुके हैं.

DC vs GT मैच में मौसम का हाल

मैच से एक दिन पहले दिल्ली में भारी बारिश हुई थी. मौसम विभाग (IMD) ने भी मैच के दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. दिन में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश का अनुमान है. लेकिन एक्यूवेदर की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, शाम को 7 बजे मैच शुरू होने के समय आसमान एकदम साफ रहेगा. मैच के दौरान बारिश की संभावना जीरो प्रतिशत है. तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा और उमस 57 से 65 प्रतिशत के बीच रहने की उम्मीद है. फैंस को बिना किसी रुकावट के पूरे 40 ओवर का गेम देखने को मिलेगा.

दोनों टीमों का मौजूदा प्रदर्शन

दिल्ली कैपिटल्स की टीम शानदार लय में है. कप्तान अक्षर पटेल की अगुवाई में टीम का संतुलन बहुत मजबूत दिख रहा है. दूसरी तरफ गुजरात टाइटंस की टीम पंजाब और राजस्थान के खिलाफ रोमांचक मुकाबले हार चुकी है. गुजरात का मिडिल ऑर्डर कमजोर साबित हुआ है और टीम की गेंदबाजी भी असरदार नहीं रही है. इसके साथ ही कप्तान शुभमन गिल की फिटनेस भी गुजरात के लिए एक बड़ी परेशानी बनी हुई है. दिल्ली इस मैच में जीत की हैट्रिक लगाना चाहेगी.

ये भी पढ़ें-

यशस्वी जायसवाल ने कहा- बुमराह को जब सूर्यवंशी ने छक्का जड़ा, तो हमारा हौसला बढ़ गया

मुंबई इंडियंस की हार पर नाराज हुए माहेला जयवर्धने, कहा- बुमराह सहित सभी गेंदबाज लय में नहीं थे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >