पीएम मोदी मंगलवार को रोजगार मेले में 71,000 नवनियुक्त कर्मचारियों को बांटेंगे नियुक्ति पत्र

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 15 May 2023 1:02 PM

विज्ञापन

पीएमओ की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 मई को सुबह 10 बज कर 30 मिनट पर वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से नई भर्ती किए गए लोगों को लगभग 71,000 नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे. यह रोजगार मेला देश भर में 45 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा.

विज्ञापन

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को रोजगार मेले के तहत करीब 71 हजार नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपेगे. ये नियुक्तियां केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों के साथ-साथ राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी हो रही हैं. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी इन नवनियुक्त कर्मचारियों को संबोधित भी करेंगे.

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सौंपेंगे नियुक्ति पत्र

पीएमओ की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 मई को सुबह 10 बज कर 30 मिनट पर वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से नई भर्ती किए गए लोगों को लगभग 71,000 नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे. यह रोजगार मेला देश भर में 45 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा. देशभर से चुने गए ये नए कर्मचारी भारत सरकार के तहत विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं देंगे.

किन पदों के लिए हो रही भर्तियां

समाचार एजेंसी भाषा की रिपोर्ट के अनुसार, ये नई भर्तियां केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों और मंत्रालयों के साथ ही राज्य सरकारों व केंद्र शासित प्रदेशों में ग्रामीण डाक सेवक, डाक निरीक्षक, वाणिज्यिक-सह-टिकट क्लर्क, जूनियर क्लर्क-सह-टाइपिस्ट, जूनियर लेखा क्लर्क, ट्रैक मेंटेनर, सहायक अनुभाग अधिकारी, लोअर डिवीजन क्लर्क, सब डिवीजनल ऑफिसर और कर सहायक पदों पर होंगी. इसके अलावा, सहायक प्रवर्तन अधिकारी, निरीक्षक, नर्सिंग अधिकारी, सहायक सुरक्षा अधिकारी, फायरमैन, सहायक लेखा अधिकारी, संभागीय लेखाकार, लेखा परीक्षक, कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल, सहायक कमांडेंट, प्रधानाचार्य, प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक, सहायक रजिस्ट्रार, सहायक प्रोफेसर आदि पदों पर भी नियुक्तियां होंगी.

Also Read: झारखंड के बेरोजगारों के लिए रोजगार मेला बन रहा कारगर, ऑन स्पॉट मिल रहे ऑफर लेटर

खुद को प्रशिक्षित कर सकेंगे नवनियुक्त कर्मचारी

पीएमओ ने कहा कि रोजगार मेला रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक कदम है. बयान में कहा गया है कि रोजगार मेला रोजगार सृजन में उत्प्रेरक के रूप में कार्य करेगा और युवाओं को उनके सशक्तिकरण और राष्ट्रीय विकास में भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करेगा. इन नवनियुक्त कर्मियों को ‘कर्मयोगी प्रारंभ’ के माध्यम से खुद को प्रशिक्षित करने का अवसर मिलेगा, जो विभिन्न सरकारी विभागों में सभी नई नियुक्तियों के लिए एक ऑनलाइन ओरिएंटेशन कोर्स है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola