सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया स्टारर फिल्म Vvaann रिलीज से पहले ही विवादों में घिरती नजर आ रही है. फिल्म के ट्रेलर में इस्तेमाल किए गए एक गाने को लेकर इंडीपेंडेंट सिंगर सरगम वैश्य ने गंभीर आरोप लगाए हैं. सरगम का दावा है कि फिल्म के मेकर्स ने उनके गाने 'ऐ गिरी नंदिनी' का करीब 25 सेकेंड का हिस्सा बिना किसी परमिशन के ट्रेलर में इस्तेमाल किया है.
प्रभात खबर से एक्सक्लूसिव बातचीत में सरगम वैश्य ने दावा किया कि यह गाना उनके तीन साल से चल रहे एक बड़े लाइव प्रोजेक्ट 'असुर' का हिस्सा है. उनके मुताबिक इस प्रोजेक्ट में कुल 8 गाने हैं और इसके लिए टीम लंबे समय से काम कर रही है.
सरगम ने कहा कि वह पिछले पांच साल से B Live Label के साथ जुड़े हुए हैं और करीब तीन साल से 'असुर' नाम के इस नए प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं. उनका आरोप है कि इसी प्रोजेक्ट के गाने 'ऐ गिरी नंदिनी' को Vvaann की टीम ने बिना उनकी सहमति के फिल्म में इस्तेमाल कर लिया.
ट्रेलर में कहां इस्तेमाल हुआ गाना?
सरगम के मुताबिक Vvaann के ट्रेलर में 1 मिनट 8 सेकेंड से लेकर 1 मिनट 33 सेकेंड तक उनके गाने का म्यूजिक इस्तेमाल किया गया है. यानी करीब 25 सेकेंड का म्यूजिक ट्रेलर में सुनाई देता है. उनका कहना है कि इस इस्तेमाल के लिए उन्हें किसी तरह की अनुमति नहीं दी गई.
'न सिंक राइट्स मिले, न मास्टर राइट्स'
सरगम वैश्य का दावा है कि इस इस्तेमाल के लिए उन्हें न सिंक राइट्स मिले हैं और न ही मास्टर राइट्स. उन्होंने कहा कि एक आर्टिस्ट के लिए यह बेहद निराशाजनक स्थिति है, क्योंकि इस गाने पर उनकी टीम ने करीब तीन साल तक मेहनत की है.
दूसरे प्रोडक्शन हाउस को भी दिए हैं राइट्स
मामला सिर्फ गाने के इस्तेमाल तक सीमित नहीं है. सरगम के मुताबिक 'ऐ गिरी नंदिनी' के राइट्स एक दूसरे बड़े प्रोडक्शन हाउस को भी दिए जा चुके हैं. उनका कहना है कि वहां भी इस गाने को लेकर निवेश किया गया है. ऐसे में Vvaann के ट्रेलर में कथित तौर पर बिना अनुमति गाने के इस्तेमाल से उन्हें और दूसरे प्रोडक्शन हाउस को भी नुकसान हुआ है.
'हमारे वकील बातचीत कर रहे हैं'
सरगम ने बताया कि मामले को लेकर उनके वकील Vvaann की टीम से बातचीत कर रहे हैं. हालांकि, उनके मुताबिक अभी तक सामने वाली टीम की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है.
'तीन साल की मेहनत को बर्बाद कर दिया'
सरगम ने इस पूरे मामले पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उनकी टीम ने जिस गाने पर तीन साल तक मेहनत की, उसे रिलीज से पहले ही ट्रेलर में कथित तौर पर बिना परमिशन इस्तेमाल कर लिया गया. उन्होंने इसे बेहद अनप्रोफेशनल तरीका बताते हुए कहा कि एक आर्टिस्ट की मेहनत और उसके अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए.
फिलहाल Vvaann की टीम की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. ऐसे में गाने के इस्तेमाल को लेकर लगाए गए इन आरोपों पर फिल्म मेकर्स का पक्ष सामने आना बाकी है.
ये भी पढ़ें: Vvaan Controversy: वन पर मंडराया कानूनी संकट? इस सिंगर का फूटा गुस्सा, बोले- गाना हटाओ वरना लीगल टीम करेगी कार्रवाई
