Haiwan Box Office Collection Day 2: 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' और 'टशन' जैसी फिल्मों में साथ काम करने वाले अक्षय कुमार और सैफ अली खान करीब 17 साल बाद फिल्म ‘हैवान’ (Haiwaan) में एक साथ नजर आए हैं. उनकी यह फिल्म सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है. प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित यह फिल्म मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ (Oppam) का हिंदी रीमेक है. हालांकि, रिलीज होने के बाद बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कमाई उम्मीद के मुताबिक रफ्तार नहीं पकड़ पाई है और दूसरे दिन भी इसके कलेक्शन में कोई खास बढ़ोतरी देखने को नहीं मिली.
दूसरे दिन कितनी हुई कमाई?
‘हैवान’ 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म ने पहले दिन भारत में करीब 3 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था. Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, पहले दिन फिल्म की औसत ऑक्यूपेंसी करीब 11 फीसदी रही. वहीं दूसरे दिन यानी शनिवार को फिल्म ने लगभग 2.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसके साथ ही भारत में दो दिनों की कुल कमाई करीब 5.50 करोड़ रुपये हो गई है.
दिलचस्प बात यह है कि शनिवार को वीकेंड होने के बावजूद फिल्म की कमाई में पहले दिन के मुकाबले कोई खास उछाल नहीं आया. शनिवार को फिल्म की ऑक्यूपेंसी लगभग 14 फीसदी रही. वहीं शाम के शो में ऑक्यूपेंसी करीब 16 फीसदी तक पहुंची थी. ऐसे में अब फिल्म के लिए रविवार का दिन बेहद अहम माना जा रहा है.
‘मिर्जापुर: द मूवी’ और हनुमान अंश से मिल रही कड़ी टक्कर
‘हैवान’ के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर रिलीज के बाद से ही दूसरी फिल्मों का असर भी दिखाई दे रहा है. खास तौर पर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ और हनुमान अंश सिनेमाघरों में दर्शकों की मजबूत पकड़ बनाए हुए है.
यह फिल्म पहले से ही दूसरे हफ्ते में चल रही है और इसके बावजूद ‘हैवान’ को पछाड़ रही है. ऐसे में अक्षय और सैफ की फिल्म के सामने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने की बड़ी चुनौती है.
ये भी पढ़ें: Haiwaan Movie Review :इस थ्रिलर फिल्म में लेखन ही नहीं अक्षय कुमार भी बेदम
रविवार से उम्मीदें
फिल्म की शुरुआत भले ही धीमी रही हो, लेकिन रविवार को कमाई बढ़ने की उम्मीद है. अब देखना होगा कि रविवार को ‘हैवान’ कितनी छलांग लगाती है और क्या अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी वीकेंड के बाकी दिनों में फिल्म की कमाई को मजबूती दे पाती है.
