SSC CGL Exam Strategy: SSC CGL Tier-1 परीक्षा में लाखों कैंडिडेट शामिल होते हैं. ऐसे में अच्छी तैयारी के बावजूद कई अभ्यर्थी सिर्फ समय की कमी के कारण बेहतर स्कोर नहीं कर पाते हैं. Tier-1 परीक्षा में 60 मिनट में 100 प्रश्न हल करने होते हैं. यानी औसतन एक प्रश्न के लिए 36 सेकंड का समय मिलता है. ऐसे में अगर शुरुआत में ही किसी कठिन सवाल पर ज्यादा समय खर्च कर दिया जाए, तो बाद के आसान सवाल भी छूट सकते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं परीक्षा हॉल में समय का सही इस्तेमाल कैसे करें.
सेक्शन-वाइज ऐसे बांटें समय
हर सेक्शन के लिए पहले से एक तय समय निर्धारित करके चलें.
- General Awareness: 6-8 मिनट
- English Comprehension: 8-10 मिनट
- General Intelligence & Reasoning: 12-15 मिनट
- Quantitative Aptitude: 20-22 मिनट
अगर किसी सेक्शन में समय बचता है, तो उसे अंत में कठिन सवालों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है.
पहले आसान सवालों को करें हल
कई बार ऐसा होता है कि परीक्षा हॉल में हम सारे प्रश्नों को लगातार नंबर-वाइज सॉल्व करते चलते हैं. इसी चक्कर में कहीं कोई कठिन प्रश्न मिल जाता है, तो हम वहीं फंस जाते हैं और समय बीतता जाता है. इसलिए परीक्षा शुरू होते ही सबसे पहले उन सवालों को हल करें जिनका जवाब आपको तुरंत पता है. कठिन या लंबे सवालों पर शुरुआत में समय बर्बाद न करें. इससे आपका कॉन्फिडेंस भी बना रहेगा और शुरुआती समय में ही ज्यादा प्रश्न हल हो जाएंगे.
नेगेटिव मार्किंग को हमेशा रखें ध्यान में
SSC CGL Tier-1 में प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.50 अंक की नेगेटिव मार्किंग होती है. इसलिए केवल अनुमान के आधार पर उत्तर देने से बचें. अगर किसी सवाल में ज्यादा कन्फ्यूजन हो, तो उसे छोड़कर आगे बढ़ जाना बेहतर रहेगा.
ये भी पढ़ें: सरकारी नौकरी के लिए बेस्ट हैं ये 5 शॉर्ट-टर्म कोर्सेज
अंतिम 5 मिनट रखें रिव्यू के लिए
पूरे 60 मिनट केवल सवाल हल करने में ही खर्च न करें. कोशिश करें कि अंतिम 5 मिनट उत्तरों की दोबारा जांच के लिए बच जाएं. इस दौरान छूटे हुए आसान सवाल, गलत मार्क किए गए उत्तर और बाकी जरूरी चीजें देखी जा सकती हैं.
इन गलतियों से बचें
- किसी एक सवाल पर जरूरत से ज्यादा समय न दें.
- शुरुआत में ही Quantitative Aptitude के कठिन प्रश्नों में न उलझें.
- घड़ी पर नजर जरूर रखें.
- जल्दबाजी में गलत ऑप्शन मार्क करने से बचें.
- आखिरी मिनट तक बिना प्लानिंग के प्रश्न सॉल्व न करें.
सही टाइम मैनेजमेंट, शांत दिमाग और स्मार्ट अटेम्प्ट स्ट्रैटजी SSC CGL Tier-1 में स्कोर बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती है. कई बार अच्छी तैयारी करने वाले कैंडिडेट भी समय के गलत इस्तेमाल की वजह से पीछे रह जाते हैं. इसलिए परीक्षा हॉल में पहले से तय स्ट्रैटेजी के साथ ही पेपर सॉल्व करें.
ये भी पढ़ें: IBPS Clerk Recruitment 2026: क्लर्क CSA के 11403 पदों पर भर्ती, 21 अगस्त तक करें अप्लाई
