IIIT Ranchi: विशेष मॉनिटर प्रो कन्हैया त्रिपाठी के विजिट का मुख्य उद्देश्य संस्थान में मानवाधिकार शिक्षा, लैंगिक समानता और छात्र कल्याण से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करना था. प्रो त्रिपाठी ने संस्थान के निदेशक प्रो राजीव श्रीवास्तव, अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ विस्तार से बातचीत की.
IIIT Ranchi में जेंडर समानता पर हुई चर्चा
दौरे के दौरान प्रो कन्हैया त्रिपाठी ने संस्थान में मानवाधिकार जागरूकता और जेंडर सेंसिटाइजेशन यानी लैंगिक संवेदनशीलता को लेकर चल रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली. उन्होंने इस दौरान मौजूदा चुनौतियों और आगे की संभावनाओं पर भी चर्चा की.
दिए कई अहम सुझाव
प्रो त्रिपाठी ने संस्थान को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन पर आने वाले समय में काम किया जाएगा. उन्होंने संस्थान में एक समर्पित मानवाधिकार प्रकोष्ठ बनाने की बात कही, ताकि छात्रों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक मजबूत मंच मिल सके.
इसके अलावा परिसर में जेंडर सेंसिटाइजेशन से जुड़ी गतिविधियों को और मजबूत करने पर जोर दिया गया. उन्होंने छात्र कल्याण के लिए एक खास मोबाइल एप्लिकेशन बनाने का सुझाव भी दिया, जिससे छात्र सीधे अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा सकें.
वर्कशॉप और नए कोर्स की भी तैयारी
मानवाधिकार और लैंगिक समानता को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए नियमित वर्कशॉप आयोजित करने की भी बात सामने आई. इससे छात्रों और शिक्षकों दोनों को इस विषय पर बेहतर समझ मिल सकेगी.
साथ ही मानवाधिकार विषय पर एक ओपन इलेक्टिव कोर्स शुरू करने का सुझाव भी दिया गया. इसे आगे चलकर डिग्री कोर्स या सर्टिफिकेट प्रोग्राम के रूप में भी शुरू किया जा सकता है, हालांकि इसके लिए सीनेट और बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की मंजूरी जरूरी होगी.
परिसर में किया वृक्षारोपण
अपने दौरे के दौरान प्रो कन्हैया त्रिपाठी ने संस्थान परिसर में पौधारोपण भी किया. यह कदम पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति संस्थान की सोच को दिखाता है. इस दौरान संस्थान के अधिकारियों और छात्रों ने भी इस पहल में हिस्सा लिया.
छात्र समितियों के काम की सराहना
प्रो त्रिपाठी ने संस्थान में काम कर रही कई छात्र कल्याण समितियों की भी समीक्षा की. इनमें आंतरिक शिकायत समिति (ICC), एंटी-रैगिंग समिति, एंटी-रैगिंग स्क्वाड, छात्र अनुशासन समिति, SC/ST/OBC प्रकोष्ठ, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट समिति और रिसर्च एडवाइजरी कमेटी शामिल रहीं.
यह भी पढ़ें: IIIT रांची में शुरू हुआ Celestio 3.0, टेक्नोलॉजी और टैलेंट का दिखा संगम
