White House Shooter: अमेरिका के व्हाइट हाउस के बाहर सीक्रेट सर्विस चेकपॉइंट पर गोलीबारी करने वाले युवक की पहचान 21 वर्षीय नसीर बेस्ट के रूप में हुई है. अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर था और खुद को मॉडर्न जमाने का जीसस (यीशु मसीह) मानता था. रिपोर्ट में बताया गया कि नसीर अक्सर व्हाइट हाउस के एंट्री पॉइंट्स के आसपास घूमता रहता था. उसकी संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सीक्रेट सर्विस के अधिकारी पहले भी कई बार उसे चिन्हित कर चुके थे.
जानकारी के मुताबिक अदालत की ओर से पहले ही नसीर बेस्ट को व्हाइट हाउस परिसर से दूर रहने का आदेश दिया गया था. इसके बावजूद उसने कथित तौर पर उस आदेश का उल्लंघन किया. भारतीय समयानुसार 24 मई को सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने उसे एक चेकपॉइंट के पास देखा. अधिकारियों के अनुसार उसका व्यवहार असामान्य लग रहा था और वह संदिग्ध तरीके से घूम रहा था.
कैसे शुरू हुई गोलीबारी?
अमेरिकी मीडिया संस्था सीबीएस न्यूज और सीक्रेट सर्विस के बयान के अनुसार, शनिवार रात (अमेरिकी समय) व्हाइट हाउस के पास फायरिंग की घटना हुई. यूएस सीक्रेट सर्विस ने अपने बयान में कहा कि शनिवार शाम करीब 6.10 बजे 17वीं स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू के इलाके में एक व्यक्ति ने अपने बैग से हथियार निकाला और फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद सीक्रेट सर्विस के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की और आरोपी को गोली लगी. घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
एक राहगीर भी गोली लगने से घायल
इस घटना के दौरान वहां मौजूद एक राहगीर भी गोली लगने से घायल हो गया. हालांकि यह साफ नहीं हो पाया है कि उसे आरोपी की गोली लगी या फिर जवाबी कार्रवाई के दौरान चली गोली से वह घायल हुआ. घायल व्यक्ति की हालत को लेकर तत्काल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई.
खुद को जीसस मानता था बेस्ट
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, घटना के अदालती रिकॉर्ड में, ‘नसीर बेस्ट ने दावा किया कि वह यीशु मसीह है और वह गिरफ्तार होना चाहता है.’ यह बीते एक महीने के बाद दूसरी घटना है, जब ट्रंप के आसपास गोलीबारी हुई है. व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन डिनर में एक अकेले व्यक्ति ने गोलीबारी की थी, जहां ट्रंप भी मौजूद थे. इससे पहले, जुलाई 2024 में एक चुनावी रैली में ट्रंप के ऊपर जानलेवा हमला हुआ था, उस समय गोली उनके कान के पास से गुजरी थी और मामूली चोट आई थी.
ट्रंप घटना के दौरान काम में व्यस्त थे
सीक्रेट सर्विस ने कहा कि इस ताजा घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में मौजूद थे, लेकिन इस घटना से राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था या किसी आधिकारिक गतिविधि पर कोई असर नहीं पड़ा. एजेंसी के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है और आगे और जानकारी साझा की जाएगी.
ये भी पढ़ें:- ईरान ने ट्रंप को किया ट्रोल: हमशक्ल भैंसे का वीडियो शेयर कर लिखा- ‘पुअर थिंग’
ये भी पढ़ें:- पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड हमजा के जनाजे में ‘धुरंधर’ का खौफ, AK-47 की फौज के साथ पहुंचे कई आतंकी
