इराक में अवॉर्ड विनिंग अमेरिकी पत्रकार का अपहरण, दिन-दहाड़े उठा ले गए किडनैपर्स

US Journalist Kidnapped: मिडिल ईस्ट में ईरान के खिलाफ चल रही जंग के बीच एक अमेरिकी पत्रकार को अगवा कर लिया गया. यह घटना ईरान के पड़ोसी देश इराक की राजधानी में हुई. अपहृत पत्रकार की पहचान शेली किटल्सन के रूप में हुई है.

US Journalist Kidnapped Baghdad Iraq: मिडिल ईस्ट में जारी जंग और तनाव के बीच  मंगलवार, 31 मार्च को इराक की राजधानी बगदाद में एक अमेरिकी महिला पत्रकार का अपहरण कर लिया गया. अपहृत पत्रकार की पहचान शेली किटल्सन (Shelly Kittleson) के रूप में हुई है, जो लंबे समय से पश्चिम एशिया के विभिन्न इलाकों से स्वतंत्र रूप से रिपोर्टिंग कर रही थीं. दिन-दहाडे़ हुई इस घटना के बाद इराकी सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गई हैं और आरोपियों की तलाश में व्यापक अभियान चला रही हैं.

 इराक के गृह मंत्रालय ने अपने आधिकारिक बयान में एक विदेशी पत्रकार के अपहरण की बात कही. हालांकि शुरुआत में नाम सार्वजनिक नहीं किया गया, लेकिन बाद में सुरक्षा अधिकारियों ने गोपनीयता की शर्त पर पुष्टि की कि अपहृत महिला अमेरिकी नागरिक शेली किटल्सन हैं. वह फ्रीलांस रिपोर्टर के तौर पर न्यूज वेबसाइट अल-मॉनिटर के लिए मिडिल ईस्ट में काम करती हैं. उसने भी इस घटना की पुष्टि की है, अल-मॉनिटर ने बयान जारी कर कहा कि वह इस घटना से ‘काफी चिंतित’ है.

इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि शेली सड़क पर खड़ी थीं, तभी एक कार आती है. इसमें से दो लोग निकलते हैं और उन्हें अपनी गाड़ी में जबरन बैठा लेते हैं. इराकी मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपहरण की घटना में दो वाहनों का इस्तेमाल किया गया. भागने के दौरान एक गाड़ी बाबिल प्रांत के अल-हस्वा इलाके के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसे सुरक्षा बलों ने अपने कब्जे में ले लिया. इस दौरान किडनैपर्स ने अपहृत पत्रकार को दूसरे वाहन में बैठाकर फरार कर दिया गया.

एक संदिग्ध गिरफ्तार

सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, यह घटना बगदाद की सादून स्ट्रीट से शुरू हुई थी. इसके बाद शहर के सभी जांच चौकियों पर सतर्कता बढ़ा दी गई और भाग रहे संदिग्धों का पीछा किया गया, जो दक्षिण-पश्चिम दिशा में बाबिल की ओर बढ़ रहे थे. इराकी गृह मंत्रालय के अनुसार, ‘पुख्ता खुफिया जानकारी और लगातार जमीनी कार्रवाई’ के आधार पर अपहरणकर्ताओं का पीछा किया जा रहा है. एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है और घटना में प्रयुक्त एक वाहन बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपी अब भी गिरफ्त से बाहर हैं.

कौन हैं शेली किटल्सन

शेली किटल्सन अवॉर्ड विनिंग जर्नलिस्ट हैं. वह लंबे समय से इस क्षेत्र में सक्रिय रही हैं. उन्होंने इराक तथा सीरिया से कई अहम रिपोर्ट तैयार की हैं. उन्होंने इराक और सीरिया में सक्रिय आईसिस जैसे आतंकी संगठन और अन्य मिलिशिया गुटों के खिलाफ रिपोर्टिंग की है. इसलिए संभावना जताई जा रही है कि हो सकता है कि इन्हीं से संबंधित किसी गुट ने शेली को निशाना बनाया हो. 

कताइब हिज्बुल्लाह पर जताया जा रहा शक

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इस घटना का संबंध क्षेत्र में जारी तनाव से है या नहीं, लेकिन कताइब हिज्बुल्लाह जैसे ईरान समर्थित समूह पहले भी विदेशी नागरिकों को निशाना बनाते रहे हैं. साल 2023 में एलिजाबेथ त्सुर्कोव नामक शोधार्थी का भी बगदाद से अपहरण हुआ था, जिन्हें सितंबर 2025 में रिहा किया गया था. उन्हें भी इसी संगठन ने अगवा किया था. 

कताइब हिज्बुल्लाह इराक में अमेरिका के खिलाफ संघर्ष जारी रखे हुए है, वह अमेरिका को अपने देश से भगाना चाहता है. माना जाता है कि वह ईरान की आईआरजीसी से जुड़ा हुआ है. वहीं,  इस घटना ने एक बार फिर इराक में विदेशी नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

ये भी पढ़ें:- ईरान युद्ध को समाप्त करने के लिए चीन और पाकिस्तान ने 5 सूत्री शांति योजना का प्रस्ताव दिया

ये भी पढ़ें:- ईरान युद्ध : IRGC की धमकी-एप्पल माइक्रोसाॅफ्ट, गूगल सहित 18 अमेरिकी कंपनियों पर 1 अप्रैल से होगा हमला

अमेरिकी प्रशासन ने साधी चुप्पी

मिडिल ईस्ट में हालिया संघर्ष के बाद अमेरिकी ठिकानों पर हमलों में भी तेजी देखी गई है. बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास ने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है. वहीं, अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि अपने नागरिकों की सुरक्षा उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है और वह इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं. हालांकि गोपनीय कारणों से अधिक जानकारी साझा नहीं की गई.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >